#हादसा
April 29, 2026
हिमाचल ब्रेकिंग : गहरी खाई में गिरी कार, अचानक भड़की लपटें- 4 लोगों के जिंदा ज*लने की आशंका
पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। जहां ब्लैक स्पॉट पर कार खाई में गिरकर आग की चपेट में आ गई। वाहन में सवार चार लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस और बचाव टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला ऊना में चिंतपूर्णी के भरवाईं क्षेत्र में एक कार गहरी खाई में गिरकर आग की चपेट में आ गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक वाहन में सवार चार लोगों के जिंदा जलने की आशंका जताई जा रही है, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि कार श्रद्धालुओं की थी और दुर्घटना एक ऐसे मोड़ पर हुई, जिसे स्थानीय लोग पहले से ही खतरनाक “ब्लैक स्पॉट” मानते रहे हैं। सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त होने और नीचे गहरी खाई होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सीधे नीचे जा गिरा और टक्कर के बाद उसमें आग लग गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। जयराम शर्मा अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं। आग बुझाने के बाद वाहन तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है ताकि अंदर फंसे लोगों की स्थिति स्पष्ट हो सके।
गाड़ी की नंबर प्लेट से पता चला है कि वाहन लुधियाना से संबंधित है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि यात्री बाहरी राज्य से धार्मिक यात्रा पर आए थे। फिलहाल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।