ऊना। हिमाचल प्रदेश के कई वीर जवान देश की रक्षा करने के लिए सीमाओं पर डटे हुए हैं। यह जवान देश के लिए अपनी जान कुर्बान करने से भी नहीं कतराते हैं। ऐसा ही कुछ कर गए हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के जवान दिलावर खान।
मुठभेड़ में ऊना का जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले स्थित लोलाब में हुई मुठभेड़ में जहां सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को मार गिराया। वहीं, इस अभियान में जवान (नॉन-कमीशंड ऑफिसर) दिलावर खान भी बलिदान हो गए।
यह भी पढ़ें: हिमाचल पुलिस की VVIP व्यवस्था! पेशी पर गए कैदी को ताजमहल घुमाने ले गए, वीडियो वायरल
आज घर पहुंचेगी पार्थीव देह
आपको बता दें कि 1996 को जन्मे दिलावर 20 दिसंबर, 2014 को सेना में भर्ती हुए थे। 28 वर्षीय दिलवार ऊना जिले के बंगाणा स्थित घरवासड़ा के रहने वाले थे। उनका पार्थिव शरीर आज दोपहर बाद करीब 2 बजे उनके पैतृक गांव लाया जाएगा। यहां राजकीय सम्मान के साथ मुस्लिम विधि के अनुसार उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
आतंकियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग
बताया जा रहा है कि मंगलवार शाम लोलाब के त्रिमुखा टॉप क्षेत्र में सुरक्षाबलों को आतंकियों के होने की सूचना मिली थी। जिसके चलते सेना और पुलिस जवानों ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। घेरा सख्त होता देख आतंकियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। इसी मुठभेड़ में दिलावर शहीद हो गए।
यह भी पढ़ें: कारपेंटर की बेटी भारतीय सेना में बनी लेफ्टिनेंट, कोलकाता में देंगी सेवाएं
पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन
दिलावर खान की शहादत की खबर सुनने के बाद पूरे गांव में माहौल गमगीन है। मारे गए दहशतगर्द की शिनाख्त अभी नहीं हुई है। फिलहाल, इलाके में कुछ और आतंकियों की मौजूदगी की आशंका के चलते सुरक्षाबलों का अभियान अब भी जारी है।
वीर सैनिक दिलवर खान के बलिदान होने पर प्रदेश के CM सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा, ऊना के उपायुक्त जतिन लाल समेत ऊना जिले के सभी अधिकारियों ने शोक व्यक्त किया है।
व्यर्थ नहीं जाएगा बलिदान
CM सुक्खू ने कहा कि हमने प्रदेश का बेटा खोया है और सभी प्रदेशवासियों के लिए अत्यंत पीड़ा का समय है। भारत माता की रक्षा करते हुए उनका यह सर्वोच्च बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।