#हादसा
January 20, 2025
हिमाचल में पलटी श्रद्धालुओं से भरी बस, दो बच्चों सहित 20 भक्त...
कांगड़ा में श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, 20 घायल, बच्चों सहित कई श्रद्धालु जख्मी
शेयर करें:

कांगड़ा। देवभूमि हिमाचल में कई शक्तिपीठ हैं, जिनमें इस समय चैत्र नवरात्रों पर भक्तों की भारी भीड उमड़ रही है। यह श्रद्धालु हिमाचल से ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों से भी हिमाचल में पहुंच रहे हैं। हालांकि पहाड़ की सड़कों पर इन श्रद्धालुओं के वाहन हादसों का शिकार भी हो जाते हैं। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के कांगड़ा जिला में हुआ है। यहां श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बच्चों सहित कई श्रद्धालु घायल हुए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कांगड़ा जिला में श्रद्धालुओं से भरी बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई है। यह हादसा कांगड़ा पुलिस थाना के तहत आते समेला गांव में टनल के पास हुआ है। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई थी। जिसे सुन कर स्थानीय लोगों की भीड़ मदद के लिए घटनास्थल के लिए दौड़ी। इस हादसे में दो बच्चों सहित 20 श्रद्धालुओं के घायल होने की सूचना है।
बताया जा रहा है कि बस के पलटने से उसमें सवार श्रद्धालुओं में चीख पुकार मच गई। जिसे सुन कर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। वहीं सूचना मिलते ही पुलिस थाना कांगड़ा की टीम भी मौके पर पहुंची। लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को टांडा मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जा रहा है कि बस में 40 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। यह सभी श्रद्धालु उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के रहने वाले हैं। यह श्रद्धालु ज्वालामुखी में माथा टेकने के बाद कांगड़ा आ रहे थे। इसी बीच समेला गांव में टनल के पास अचानक से चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बस पलट गई।
मेडिकल सुपरिंटेंडैंट डॉ मोहन सिंह ने बताया कि 20 घायलों को टांडा लाया जा चुका हैए जिसमें 2 बच्चे भी शामिल हैं। गंभीर रूप से कोई घायल नहीं है। घायलों का टांडा में एक्स-रे, सीटी स्कैन व अन्य उपचार किया जा रहा है। वहीं थाना प्रभारी कांगड़ा संजीव कुमार ने बताया कि 20 घायल लोगों को उपचार के लिए एंबुलेंस के माध्यम से टांडा लाया गया। सभी की हालत स्थिर है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खोया 25 वर्षीय बेटा, किचन हेल्पर का करता था काम