#हादसा
May 29, 2025
हिमाचल : साइकिल सवार को तेज रफ्तार कार चालक ने रौंदा, अस्पताल भी नहीं पहुंच पाया बेचारा
पुलिस टीम ने कार चालक के खिलाफ मामला किया दर्ज
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां जनपद के मैहतपुर बाजार में एक कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी है। इस हादसे में साइकिल सवार की दर्दनाक मौत हो गई है।
बताया जा रहा है कि कार सवार साइकिल पर बैठे व्यक्ति को कुछ दूर तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में साइकिल सवार की हालत बेहद गंभीर हो गई और अस्पताल ले जाने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, मैहतपुर बसदेहड़ा का रहने वाला रामपाल उर्फ कालिया (59) साइकिल पर सवार होकर औद्योगिक क्षेत्र मेहतपुर से बाजार की ओर जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रही राजस्थान नंबर की तेज रफ्तार कार ने उसकी साइकिल को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार सवार रामपाल को काफी दूर तक घसीटते हुए ले गया। ये सब देखते ही मौके पर लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। जिसके बाद कार चालक रुका, लेकिन तब तक रामपाल की हालत बहुत खराब हो चुकी थी। लोगों द्वारा आनन-फानन में रामपाल को पास के एक निजी अस्पताल ले जाया गया- जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ऊना क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। साथ ही आगामी जांच-पड़ताल शुरू कर दी।
मामले की पुष्टि करते हुए ASP सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है। पुलिस टीम ने आरोपी कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम द्वारा हादसे के कारणों का जांच-पड़ताल की जा रही है।