#हादसा
August 5, 2026
हिमाचल : तेज बारिश के बीच खड्ड में समाई कार, 100 मीटर तक बहती रही- अंदर बैठे थे 2 युवक
चालक बहाव की तीव्रता का सही अनुमान नहीं लगा पाया
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश अब जानलेवा साबित होने लगी है। नदियां, खड्डें और नाले उफान पर है। मगर इसके बावजूद कई लोग जोखिम उठाकर पानी से लबालब भरे कॉजवे पार करने की कोशिश कर रहे हैं।
बुधवार तड़के ऊना जिले में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया, जहां कुछ सेकेंड की लापरवाही दो युवकों की जान पर भारी पड़ सकती थी। तेज बहाव में एक कार देखते ही देखते पानी के साथ बहने लगी और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हरोली उपमंडल की पंडोगा खड्ड में हुई। जानकारी के अनुसार चंबा जिले के डलहौजी निवासी रोहित कुमार अपने एक साथी, जो कांगड़ा जिले के पालमपुर का रहने वाला है, के साथ कार में सवार होकर पंडोगा खड्ड के बीच बने कॉजवे को पार कर रहे थे।
लगातार बारिश के कारण खड्ड का जलस्तर काफी बढ़ चुका था और पानी का बहाव बेहद तेज था। चालक बहाव की तीव्रता का सही अनुमान नहीं लगा पाया। जैसे ही कार कॉजवे के बीच पहुंची, वह तेज पानी की चपेट में आ गई और बहने लगी। बताया जा रहा है कि कार करीब 100 मीटर तक पानी के बहाव में बहती चली गई।
स्थिति बिगड़ती देख चालक ने कार को वापस मोड़ने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों युवकों ने बिना समय गंवाए कार से छलांग लगा दी और किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।
उनकी सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया, जबकि कुछ देर और कार में रहने पर स्थिति गंभीर हो सकती थी। घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और दोनों युवकों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर की सहायता से कार को खड्ड से बाहर निकाला गया। घटना के दौरान काफी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और राहत कार्य में सहयोग किया।
DSP हरोली मोहन रावत ने बताया कि कार चालक से पूछताछ की गई है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की कि लगातार बारिश के दौरान उफनते नालों, खड्डों और पानी से भरे कॉजवे को पार करने की कोशिश न करें। थोड़ी सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
प्रदेश में मानसून के चलते कई स्थानों पर खड्डों और नालों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन भी लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील कर रहा है।