#हादसा
March 29, 2026
हिमाचल में बड़ा हा..दसा, गहरी खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे, दो लोगों की मौके पर मौ*त
सर्पीली सड़कों ने फिर छीनी दो जिंदगियां
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश की खतरनाक और सर्पीली सड़कों पर एक बार फिर दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिला सिरमौर के श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र में रविवार दोपहर एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार और संकरे मोड़ों वाली पहाड़ी सड़क पर यह हादसा उस वक्त हुआ जब एक ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बांदल–सुराख मार्ग पर खाला क्यार के समीप दोपहर करीब 12 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि कार जैसे ही एक तीखे मोड़ के पास पहुंची] चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे गहरी खाई में समा गई। हादसा इतना भयानक था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
यह भी पढ़ें : देवभूमि शर्मसार: कन्या पूजन के बहाने 3 साल की मासूम को घर ले गया पड़ोसी, कर दी नीचता
हादसे में 36 वर्षीय अनिल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई] जबकि 48 वर्षीय गुमान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें खाई से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन नाहन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले ही उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: खेत में मिली महिला की देह, मां बोली - संतान नही होने पर पति ने कर दी बेटी की ह*त्या
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे का कारण वाहन पर से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विस्तृत जांच जारी है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस बार-बार वाहन चालकों से अपील कर रहे हैं कि पहाड़ी मार्गों पर सावधानी बरतें, गति नियंत्रित रखें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की ये नदी बुझाएगी दिल्ली की प्यास: 50 साल का इंतजार खत्म, मजबूत होगी प्रदेश की आर्थिकी
हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी भौगोलिक स्थिति के चलते यहां की सड़कें संकरी, घुमावदार और कई स्थानों पर जोखिम भरी हैं। बीते कुछ समय से ऐसे सड़क हादसों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि ओवरस्पीड, लापरवाही और सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी इन हादसों की बड़ी वजह बन रही है।