#हादसा
March 6, 2026
हिमाचल : कार से घूमने निकले थे 3 दोस्त- रास्ते में हुआ हाद.सा, बैंक कर्मचारी ने तोड़ा दम; दो गंभीर
परिवार ने खोया कमाऊ बेटा- टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भटियात विधानसभा क्षेत्र में कुंजर महादेव के पास एक कार हादसे में 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। जबकि, दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
बताया जा रहा है कि हादसे में जान गंवाने वाला युवक ग्रामीण बैंक में कार्यरत था। हादसे के वक्त युवक अपने दो दोस्तों के साथ कार से जा रहा था। मड गांव के पास कार चालक ने संतुलन खो दिया और कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई।
जानकारी के अनुसार, साहला गांव का रहने वाला 32 वर्षीय अक्षय कुमार, पुत्र केहर सिंह अपने दो दोस्तों के साथ पातका से हाथीधार की ओर जा रहा था। इसी दौरान मड गांव के पास कार गहरी खाई में जा गिरी।
गाड़ी गिरने की आवाज सुनते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर क्षतिग्रस्त गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में अक्षय की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि, उसके दोनों साथी विमोद कुमार निवासी मड और सुशील कुमार निवासी गोधरा गंभीर रूप से घायल हुए थे।
लोगों ने तुरंत दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अक्षय की मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अक्षय शाहपुर के पास रेहलू के ग्रामीण बैंक में कार्यरत था।
उधर हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हादसे का कारण लापरवाही माना जा रहा है।
मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच भी शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये की फौरी राहत दे दी गई है।