#हादसा
July 11, 2026
जम्मू से हिमाचल आए शख्स का फिसला पैर, गहरी खाई में गिरने से हुई मौ*त
देर तक नहीं लौटा तो साथियों ने शुरू की तलाश
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में फिसलन और भूस्खलन का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। ऐसे हालात में जरा सी चूक भी जानलेवा साबित हो रही है। ताजा मामला चंबा जिले के चुराह उपमंडल से सामने आया है, जहां भेड़-बकरियां चराने गए एक युवक का पहाड़ी पर पैर फिसल गया। संतुलन बिगड़ते ही वह गहरी खाई में जा गिरा, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा जिला चंबा के चुराह उपमंडल मंद्राला धार में पेश आया है। बताया जा रहा है कि वह अपने मवेशियों के साथ ऊपरी पहाड़ी इलाके में गया हुआ था। बुधवार देर रात जब युवक काफी देर तक वापस नहीं लौटे तो उनके साथियों को चिंता हुई।
उन्होंने आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान बलवंत गहरी खाई में मृत अवस्था में मिले। इसके बाद साथियों ने तुरंत ग्राम पंचायत देवीकोठी के प्रधान परस राम को घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन और तीसा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल तीसा भेज दिया। मामले में केस दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी गई है।
वहीं, मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। मृतक की पहचान बलवंत कुमार पुत्र सैनू राम के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले की बणी तहसील के गांव संधी का रहने वाला था।
तहसीलदार तीसा आशीष ठाकुर ने बताया कि प्रशासन नियमानुसार सभी जरूरी कार्रवाई कर रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद सरकारी नियमों के अनुसार मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।