#हादसा
July 20, 2026
हिमाचल: कार्यक्रम से बाइक पर लौट रहे दंपत्ति को वाहन ने उड़ाया, पति की आंखों के सामने पत्नी की मौ*त
कार्यक्रम से वापस अपने घर लौट रहा था दंपति पुलिस कर रही मामले की जांच
शेयर करें:

चामुंडा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर लगातार बढ़ते सड़क हादसे चिंता का विषय बने हुए हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और यातायात नियमों की अनदेखी कई परिवारों की खुशियां छीन रही है। कांगड़ा जिले के चामुंडा क्षेत्र में बीती रात ऐसा ही एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसमें एक महिला की जान चली गई, जबकि उसका पति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चम्बा जिले के कीर गांव निवासी दंपती एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद बाइक पर अपने घर लौट रहे थे। देर रात जब वे कांगड़ा जिला के चामुंडा क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रहे एक कार चालक ने उनकी बाइक को बुरी तरह से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में चंद्रभागा नदी का रौद्र रूप : 3 गांवों का दुनिया से टूटा संपर्क- कई मकानों को खतरा
हादसे के तुरंत बाद आसपास मौजूद लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले नगरोटा अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सविता देवी निवासी गांव कीर जिला चंबा के रूप में हुई है।
हादसे में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है। चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने वाहन चालकों के बयान दर्ज करने के साथ-साथ हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का एक प्रमुख कारण माना जा रहा है। संबंधित थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी क्षेत्रों में आए दिन सड़क हादसों की खबरें सामने आ रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि पहाड़ी मार्गों पर वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन, सावधानी और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी उपाय है। यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।