#हादसा
January 26, 2025
हिमाचल : ग्रामीणों को ढांक में पड़ा मिला बुजुर्ग, नहीं चल रही थी सांसें- पसरा मातम
पहाड़ी रास्ते से पैदल जा रहा था बुजुर्ग
शेयर करें:
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। यहां बंजार उपमंडल में एक 65 वर्षीय व्यक्ति की ढांक में गिरने के कारण मौत हो गई है। घटना के वक्त बुजुर्ग पहाड़ी रास्ते से पैदल जा रहा था। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन है।
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग के साथ ये हादसा बीती 24 जनवरी को पेश आया है। बताया जा रहा कि साधुनाला के पास व्यक्ति पैदल जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और वो करीब 300 मीटर खाई में जा गिरा।
इस हादसे में व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया और बेसुध होकर वहीं पड़ा रहा। हादसे का पता तब चला जब वहां से गुजर रहे कुछ लोगों की नजर नीचे पड़ी। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति खाई में गिरा हुआ था। लोगों ने पास जाकर जब बुजुर्ग को उठाने की कोशिश की- तो उन्होंने पाया कि बुजुर्ग की सांसें थम चुकी थीं।
इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायल को ढांक में से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान 65 वर्षीय जंगलू राम के रूप में हुई है- जो कि कंढी गांव का रहने वाला था। मामले की पुष्टि SP डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है। पुलिस टीम ने BNS की धारा 194 तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई अमल में लाई है।
उधर, लोगों का कहना है कि अगर समय रहता पता चल जाता तो शायद जंगलू राम की जान बच जाती। जब तक लोगों ने उसे ढांक में गिरे हुए देखा ना जाने उसे वहां गिरे हुए कितनी देर हो गई थी। लोगों का कहना है कि ना जाने बेचारा मदद के लिए कितना तड़पा होगा और तड़प-तड़प कर उसने दम तोड़ा होगा।