#हादसा
June 2, 2025
हिमाचल: शादी से लौटते 300 फीट गहरी खाई में गिरा वाहन, एक की थमी सांसें; पसरा मातम
सेवानिवृत्ति समारोह की पहली वर्षगांठ पर त्यागे प्राण
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में सड़कों पर लगातार हो रहे हादसे अब गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। ताजा मामला हमीरपुर जिले के भोरंज उपमंडल से सामने आया है। यहां बारात से लौटते समय एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा भोरंज उपमंडल के अंतर्गत भोटा.जाहू वाया लदरौर सड़क मार्ग पर हुआ है। इस हादसे से शादी की खुशियां भी मातम में बदल गईं।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना रविवार को जमली.प्लासी मोड़ के पास हुई थी। यहां एक ऑटो टेंपो अनियंत्रित होकर लगभग 300 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में टेंपो चालक 65 वर्षीय अमर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ सवार जीत राम को गंभीर चोटें आई हैं। घायल को भोरंज सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में कोरोना को लेकर अलर्ट, आइसोलेशन वार्ड तैयार; ऑक्सीजन प्लांट भी किए शुरू
दोनों व्यक्ति मुंडखर पंचायत के तुलसी गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। दोनों ही मनोह में आयोजित एक शादी समारोह में बारात में शामिल होने गए थे और वहीं से वापस लौट रहे थे। इसी बीच रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना का मुख्य कारण सड़क पर तीखे मोड़ के पास वाहन का नियंत्रण खोना बताया जा रहा है।
अमर सिंह एक वर्ष पूर्व मुंडखर डाकघर से डाकिए के पद से सेवानिवृत्त हुए थे और अपनी आजीविका के लिए ऑटो टेंपो चला रहे थे। दुर्भाग्यवश जिस दिन उनके घर पर सेवानिवृत्ति समारोह की पहली वर्षगांठ थी, उसी दिन यह हादसा हो गया। गांव में जहां एक ओर शादी की खुशियां थीं, वहीं इस दुर्घटना ने मातम का माहौल बना दिया।
एसपी हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर भेजा गया है और पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने भी इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया और पीड़ित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अभी फीका भी नहीं पड़ा था मेहंदी का रंग, उजड़ गया नविवाहिता का सुहाग- शहीद हुआ फौजी पति
हिमाचल में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे न केवल प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं, बल्कि आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता उत्पन्न कर रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की स्थिति, तीखे मोड़ और सुरक्षा इंतजामों की कमी इन दुर्घटनाओं के पीछे प्रमुख कारण बनते जा रहे हैं।