#हादसा

June 17, 2026

हिमाचल : हफ्ते बाद ओमान से भारत पहुंची आदित्य की देह, अंतिम दर्शन के इंतजार में परिवार

आज पूरी होंगी कानूनी औपचारिकताएं, फिर परिजनों को सौंपी जाएगी देह

शेयर करें:

Aditya Sharma Hamirpur News Oman Missile Himachal Pradesh IGI Airport

हमीरपुर। सात दिनों का इंतजार, आंखों में आंसू और दिल में एक ही उम्मीद... बेटे की आखिरी झलक। ओमान में मिसाइल हमले में जान गंवाने वाले हिमाचल प्रदेश स्थित जिला हमीरपुर के आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर बुधवार सुबह भारत पहुंच गया। परिवार और क्षेत्र के लोग बेसब्री से अपने लाल के अंतिम दर्शन का इंतजार कर रहे हैं। घर में मातम पसरा है और परिजन अब भी गहरे सदमे में हैं।

दिल्ली पहुंचा पार्थिव शरीर

बुधवार सुबह आदित्य शर्मा का पार्थिव शरीर दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पहुंचा। इसके बाद पार्थिव शरीर को कनेक्टिंग फ्लाइट के जरिए चंडीगढ़ के लिए रवाना किया गया। इकलौते बेटे की अंतिम झलक पाने के लिए परिवार की बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही है।

यह भी पढ़ें- श्रीखंड यात्रा : 10 जुलाई को निकलेगा पहला जत्था, मां चलाशनी के दर्शन की परंपरा फिर होगी शुरू

चंडीगढ़ से हमीरपुर लाया जाएगा शव

जानकारी के अनुसार शिपिंग कॉरपोरेशन की ओर से भेजी गई एंबुलेंस दोपहर करीब दो बजे चंडीगढ़ से पार्थिव शरीर को लेकर हमीरपुर स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचेगी। यहां जरूरी कानूनी प्रक्रिया और औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी। इसके बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

रिश्तेदार पहले ही रवाना

आदित्य शर्मा के चाचा और अन्य करीबी रिश्तेदार पार्थिव शरीर को लेने के लिए पहले ही चंडीगढ़ रवाना हो चुके हैं। परिवार के अन्य सदस्य लगातार संपर्क में हैं। घर पर शोक का माहौल है और रिश्तेदारों व शुभचिंतकों का पहुंचना लगातार जारी है।

यह भी पढ़ें- शिमला में महाजाम : रोजाना पहुंच रही 40 हजार गाड़ियां, रेंग-रेंगकर चल रहा ट्रैफिक

आज पूरी होंगी कानूनी औपचारिकताएं

मेडिकल कॉलेज में आवश्यक जांच और अन्य औपचारिकताओं के बाद पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंपा जाएगा। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां भी इस प्रक्रिया में सहयोग कर रही हैं।

वीरवार को होगा अंतिम संस्कार

जानकारी के अनुसार वीरवार को आदित्य शर्मा का अंतिम संस्कार पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ किया जाएगा। इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। हर किसी की आंखें नम हैं और लोग परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहे हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख