#हादसा
May 28, 2026
हिमाचल: खाई में गिरी टैक्सी, 3 महिलाओं की मौ*त; 7 घायल - वोट डालने के बाद मेले में जा रहे थे
वोट डालने के बाद शिरड़ में काहिका मेले में जा रहे थे लोग
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों के दूसरे चरण के बीच कुल्लू जिला से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। मतदान करने के बाद मेले में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी एक टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि मौके पर चीख.पुकार मच गई और पूरे इलाके में अफरा.तफरी फैल गई।
इस दर्दनाक दुर्घटना में तीन महिलाओं की मौत हो गई, जबकि बच्चे सहित कई लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोगों और प्रशासन ने तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायल लोगों को बड़ी मुश्किल से खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार यह हादसा कुल्लू-पीज सड़क मार्ग पर बढ़ाई नाला के समीप हुआ। बताया जा रहा है कि शीला नाला पंचायत के ग्रामीण पंचायत चुनाव में मतदान करने के बाद शिरड़ गांव में आयोजित काहिका मेले में शामिल होने जा रहे थे। सभी लोग एक टैक्सी वाहन में सवार होकर मेले की ओर रवाना हुए थे।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के गृह जिला में यहां नहीं पड़ा एक भी वोट, इंतजार करते रहे कर्मी; जानें बहिष्कार का कारण
इसी दौरान रास्ते में अचानक चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और टैक्सी सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। वाहन गिरते ही मौके पर लोगों की चीखें गूंज उठीं। इस हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं एक मासूम बच्चे सहित सात लोग घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना अपनी जान की परवाह किए खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में प्रशासन और पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं और संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया गया। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से क्षेत्रीय अस्पताल ढालपुर पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही तीन महिलाओं ने दम तोड़ दिया था। वहीं कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पंचायत चुनाव : नई-नवेली दुल्हन बनी प्रधान, एक महीना पहले ही हुई थी शादी
हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए और अपने स्वजनों की जानकारी लेने में जुटे रहे। चिकित्सकों की टीम लगातार घायलों के उपचार में लगी हुई है।
हादसे के बाद एक बार फिर क्षेत्र की खराब सड़क व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ाई नाला क्षेत्र की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। बरसात के बाद सड़क और अधिक खतरनाक हो गई है, लेकिन इसके बावजूद सुधार कार्य नहीं किए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन और सरकार से सड़क की हालत सुधारने तथा सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग उठाई है ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।

घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू के विधायक सुंदर सिंह ठाकुर अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों को घायलों का बेहतर उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। प्रारंभिक जानकारी में हादसे का कारण वाहन के ब्रेक फेल होना माना जा रहा है, हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रशासन ने मृतकों और घायलों के परिवारों को हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। पंचायत चुनावों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे ने पूरे कुल्लू जिला को गहरे सदमे में डाल दिया है।