#हादसा

June 18, 2026

हिमाचल: तेज रफ्तार ट्रक चालक ने बुझा दिया एक घर का चिराग, बाइक सवार को बुरी तरह से कु.चला

टक्कर के बाद मौके से फरार हुआ ट्रक चालक, पुलिस चंद घंटों में पकड़ा

शेयर करें:

himachal solan News

नालागढ़ (सोलन)। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक चालक की लापरवाही ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया। सड़क पर दौड़ रहे बेलगाम ट्रक ने बाइक सवार युवक को ऐसी टक्कर मारी कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसा इतना दर्दनाक था कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को दबोच लिया। यह दर्दनाक हादसा बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर खेड़ा के समीप हुआ। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

एक पल में खत्म हो गया जिंदगी का सफर

जानकारी के अनुसार गांव घलेरी, डाकघर लगदाघाट तहसील नालागढ़ निवासी राजू अपने मोटरसाइकिल पर बद्दी-नालागढ़ मार्ग से गुजर रहा था। जब वह खेड़ा क्षेत्र के पास पहुंचा तो सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक की रफ्तार काफी अधिक थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक सड़क पर जा गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : मानसून से पहले दरके हिमाचल के पहाड़, चट्टानें गिरने से शख्स की मौ’त; कई घरों को नुकसान

हादसे के बाद नहीं रुका चालक

हादसे के बाद जहां स्थानीय लोग घायल युवक की मदद के लिए दौड़े, वहीं ट्रक चालक मानवता को ताक पर रखकर वाहन सहित मौके से फरार हो गया। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में राजू के लौटने का इंतजार हो रहा था, वहां कुछ देर बाद उसकी मौत की खबर पहुंच गई।

सीसीटीवी फुटेज बनी पुलिस की सबसे बड़ी मदद

घटना की सूचना मिलते ही मानपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और फरार ट्रक की पहचान करने में जुट गई। फुटेज के आधार पर पुलिस को ट्रक के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके बाद विभिन्न स्थानों पर नाकाबंदी की गई। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा करते हुए नालागढ़ ट्रक यूनियन के बाहर ट्रक को रोक लिया।

 

यह भी पढ़ें :  न नियम, न वेतनमान... फिर भी 900 नर्सों के पद भरने निकली सुक्खू सरकार, HC ने लगाई रोक

आरोपी चालक गिरफ्तार

पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान जिला चंबा के सलोनी क्षेत्र निवासी लच्छो राम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हादसे के समय चालक की रफ्तार कितनी थी और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस को आया लड़की का फोन, बोली- मैंने जह*र निगल लिया.. मुझे बचा लो

सड़क पर लापरवाही बन रही मौत का कारण

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों के खतरे को उजागर करता है। आए दिन हो रहे ऐसे हादसों में कई परिवार अपने प्रियजनों को खो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बद्दी-नालागढ़ मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लंबे समय से चिंता का विषय बनी हुई है। फिलहाल एक परिवार का इकलौता सहारा हमेशा के लिए उनसे दूर हो चुका है। तेज रफ्तार ट्रक चालक की एक चूक ने एक घर का चिराग बुझा दिया और पीछे छोड़ गया अपनों की आंखों में कभी न सूखने वाले आंसू।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख