#हादसा
November 23, 2025
हिमाचल: घर लौट रहा था शख्स, तेज रफ्तार में आई बस ने बुरी तरह से कुचल दिया
बस की टक्कर से व्यक्ति की मौके पर ही थम गईं सांसें
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर वाहन चालक की तेज रफ्तार ने एक व्यक्ति को मौत के घाट उतार दिया। यह पहली बार नहीं है, जब किसी वाहन चालक की लापरवाही और तेज रफ्तार से किसी व्यक्ति की मौत हुई है। प्रदेश की सड़कों पर मौत बनकर तेज रफ्तार में दौड़ रहे वाहन आए दिन किसी ना किसी परिवार को कभी ना भूलने वाले गम दे रहे हैं। अब ऐसा ही मामला ऊना जिला से सामने आया है।
ऊना जिला में चंडीगढ़.धर्मशाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लोअर बसाल में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान एक तेज रफ्तार में आए बस चालक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से व्यक्ति बुरी तरह से घायल हो गया, जिसे स्थानीय लोगों ने तुंरत ही अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
यह भी पढ़ें : मेरी गोद खाली हो गई - आंगन सूना हो गया... शहीद नमांश की मां की चीखों ने हर शख्स को रूला दिया
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लोअर बसाल निवासी विजय कुमार रोज की तरह अपना काम खत्म कर घर की तरफ जा रहा था। जैसे ही उसने सड़क पार करने का प्रयास किया, ऊना की दिशा से हाई स्पीड में आ रही बस ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विजय सड़क पर गिरते ही गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर अफरा.तफरी मच गई और लोगों ने उसे तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : वीरभद्र की विरासत सुरक्षित: विनय की ताजपोशी से हाईकमान ने साधा संतुलन; होलीलॉज को दिया अधिमान
हादसे के समय समीप ही अपनी कारपेंटर की दुकान में मौजूद प्रत्यक्षदर्शी मोहिंद्र सिंह ने बताया कि बस चालक सरदीप सिंह निवासी नूरपुर जिला कांगड़ा तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और उसने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को बचाने का कोई प्रयास नहीं किया। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि हाइवे पर तेज रफ्तार से दौड़ती बसें हमेशा खतरा बनी रहती हैं, लेकिन चालक अक्सर गति सीमा की अनदेखी करते हैं।
एसपी अमित यादव ने बताया कि पुलिस ने बस चालक सरदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में चालक की लापरवाही साफ दिखाई दे रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन स्पीड कंट्रोल तथा यातायात निगरानी की कोई प्रभावी व्यवस्था न होने के कारण दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लोग मांग कर रहे हैं कि पुलिस और प्रशासन इस रूट पर विशेष निगरानी बढ़ाए, गति सीमा लागू करवाए और खतरे वाले स्थानों पर चेतावनी संकेत लगाए जाएं।