#हादसा

October 18, 2026

हिमाचल पुलिस का जवान शहीद: ट्रैफिक कंट्रोल करते दो बसों के बीच फंसा SI राजेश, थम गईं सांसे

ट्रैफिक कंट्रोल करते समय दो बसों के बीच फंसे पुलिस जवान की थमी सांसें

शेयर करें:

Himachal Police

ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। लोगों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था संभालते हुए हिमाचल पुलिस के एक उपनिरीक्षक (SI) की जान चली गई। चिंतपूर्णी पुलिस थाना में तैनात एसआई राजेश कुमार भरवाईं में राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर ट्रैफिक जाम खुलवाने के लिए ड्यूटी निभा रहे थे। इसी दौरान दो बसों को पास करवाते समय वह उनके बीच फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।

जाम खुलवाते समय दो बसों के बीच फंसे SI

जानकारी के अनुसार भरवाईं क्षेत्र में यातायात बाधित होने की सूचना मिलने पर चिंतपूर्णी पुलिस थाना में तैनात एसआई राजेश कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। राष्ट्रीय राजमार्ग-503 पर वन विभाग कार्यालय के पास सड़क के निचले हिस्से में बने मोड़ पर वाहनों की आवाजाही सुचारू करवाने के लिए वह यातायात नियंत्रित कर रहे थे। इसी दौरान सड़क पर दो बसों को पास करवाते समय अचानक वह दोनों वाहनों के बीच आ गए। दोनों बसों के बीच फंसने से उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस टीम तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाने में जुट गई।

 

यह भी पढ़ें : नवरात्र में मातम: शीतला माता मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं को ट्रक ने कु..चला, 14 की मौ**त- 32 घायल

चिंतपूर्णी अस्पताल से टांडा के लिए किया गया रेफर

हादसे के तुरंत बाद घायल एसआई को चिंतपूर्णी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें प्राथमिक उपचार दिया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए टांडा रेफर कर दिया गया। हालांकि, भरवाईं पहुंचने पर ही उनकी मृत्यु हो गई। ड्यूटी के दौरान हुए इस हादसे ने पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया।

उनके पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए ऊना अस्पताल भेजा गया है। इस घटना ने एक बार फिर व्यस्त और संकरे सड़क मार्गों पर यातायात नियंत्रित करने वाले पुलिसकर्मियों के सामने मौजूद जोखिम को उजागर किया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : आधी रात घर में पड़ी पुलिस रेड, 28 वर्षीय महिला से मिला लाखों का चिट्टा

दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज

हादसे को लेकर चिंतपूर्णी पुलिस ने दोनों बस चालकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और इसमें किसकी क्या भूमिका रही। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

यह भी पढ़ें : आज सराहन में होगा राजा वीरभद्र की प्रतिमा का अनावरण, कांग्रेस के कई दिग्गज नेता होंगे शामिल

पहले थाने फिर घर ले जाया जाएगा पार्थिव शरीर

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद एसआई राजेश कुमार के पार्थिव शरीर को कुछ समय के लिए चिंतपूर्णी पुलिस थाने में लाया जाएगा। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को कांगड़ा जिले के नगरोटा सूरियां स्थित उनके घर ले जाया जाएगा, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उनके निधन की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ओर परिवार अपने प्रियजन को खोने के गम में है, वहीं पुलिस विभाग ने भी अपने साथी के असमय चले जाने पर गहरा दुख जताया है। 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा कदम: महिलाओं को 1500 रुपए-300 यूनिट फ्री बिजली योजना में जुड़ेगे कई और नाम 

पुलिस विभाग ने जताया शोक, परिवार के साथ खड़ा है महकमा

एसआई राजेश कुमार के निधन पर चिंतपूर्णी थाने के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शोक व्यक्त किया है। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने कहा कि पुलिस विभाग ने अपना एक जवान खो दिया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा पुलिस विभाग इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़ा है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल से 3 करोड़ की चरस लेकर दिल्ली में सप्लाई करने निकले दो युवक, बीच रास्ते बड़ी खेप संग धरे

 

ड्यूटी के दौरान हुई यह घटना पुलिस महकमे के लिए बड़ी क्षति है। यातायात व्यवस्था बनाए रखने और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिसकर्मी अक्सर व्यस्त सड़कों और जोखिम भरे स्थानों पर तैनात रहते हैं। एसआई राजेश कुमार की मौत ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि ऐसे स्थानों पर ट्रैफिक नियंत्रित करते समय पुलिसकर्मियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतजाम कितने जरूरी हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख