#हादसा
February 19, 2026
हिमाचल: गांव को रोशन करने निकला था, खुद अंधेरे में समाया, करंट लगने से गई शख्स की जा*न
बिजली के खंभे पर चढ़कर फ्यूज देख रहा था शख्स लग गया करंट
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां पूरे गांव को रोशन करने के चक्कर में एक व्यक्ति ने अपनी जिंदगी से हाथ धो लिया। व्यक्ति की मौत से ना सिर्फ उसके परिवार के लोग बल्कि पूरे गांव में मातम पसर गया। मामला हमीरपुर जिले के बड़सर उपमंडल के बाहल ठाकरु गांव का है यहां 50 वर्षीय रविंद्र कुमार की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे गांव की बिजली अचानक गुल हो गई। चारों तरफ अंधेरा छा गया तो गांव के कुछ लोग कारण जानने बाहर निकले। इसी बीच मददगार स्वभाव के रविंद्र कुमार ने पहल करते हुए खुद ही बिजली के खंभे के पास पहुंचकर फ्यूज की जांच करने का प्रयास किया। ग्रामीणों के अनुसार वे गांव को रोशन करने के इरादे से खंभे पर चढ़ने लगे, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि यह प्रयास उनकी जिंदगी की डोर ही तोड़ देगा।
यह भी पढ़ें : आर्थिक संकट की आहट: सीएम सुक्खू पूरी कैबिनेट संग आज करेंगे दिल्ली कूच, राहुल संग बनाएंगे रणनीति
बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने लाइन को ठीक करने की कोशिश की, वे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। झटका इतना तेज था कि वे नीचे आ गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें संभाला और अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। रविंद्र कुमार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिझड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू आज जम्मू -कश्मीर जाएंगे: उमर अब्दुल्ला से होगी विशेष चर्चा, मिलकर बनाएंगे केंद्र पर दबाव
घटना की सूचना मिलते ही दियोटसिद्ध पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक तौर पर मामला करंट लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बिजली लाइन में कोई तकनीकी खामी तो नहीं थी या यह पूरी तरह से हादसा था। हमीरपुर के पुलिस अधीक्षक बलवीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।