#हादसा
September 7, 2025
हिमाचल: रात को अचानक भरभरा कर गिर गया पूरा मकान, दादी और दो पोतियां मलबे में दबीं
ग्रामीणों ने कड़ी मशकत के बाद तीनों को बाहर निकाला
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। प्रदेश के विभिन्न इलाकों से मकान गिरने, सड़कें बंद होने और भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसी कड़ी में उपमंडल बड़सर की टिल्लू पंचायत के तहत एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां शनिवार देर शाम बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक बुजुर्ग महिला और उसकी दो पोतियां मलबे के नीचे दब गईं।
गनीमत रही कि स्थानीय ग्रामीणों ने समय रहते मोर्चा संभाला और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जानकारी के मुताबिक हादसा रात करीब 8 बजे उस समय हुआ जब 52 वर्षीय भोली देवी अपनी दो नातिनों के साथ मकान के अंदर सो रही थी। अचानक तेज आवाज के साथ घर की दीवारें गिर गईं और तीनों अंदर फंस गईं।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। सौभाग्यवश किसी की जान नहीं गई, लेकिन घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पंचायत उपप्रधान चतुर सिंह और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम बड़सर राजेंद्र गौतम ने बताया कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के तौर पर ₹10,000 की फौरी आर्थिक सहायता दी गई है। साथ ही उन्हें रहने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था और अन्य आवश्यक मदद भी मुहैया कराई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विधायक इंद्र दत्त लखनपाल भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
बड़सर की यह घटना कोई एकमात्र मामला नहीं है। हिमाचल प्रदेश में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते कई इलाकों में कच्चे और कुछ पक्के मकान भी जमींदोज हो चुके हैं। खासकर हमीरपुर, मंडी, चंबा, और कांगड़ा जिलों में स्थिति गंभीर बनी हुई है। दर्जनों परिवार बेघर हो चुके हैं और राहत शिविरों में शरण ले रहे हैं। प्रशासन की ओर से सभी जिलों में आपदा प्रबंधन दलों को अलर्ट पर रखा गया है और प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता प्रदान की जा रही है।