#हादसा

August 17, 2026

हिमाचल: 3 मासूम बच्चों का पिता 300 फीट गहरी खाई में गिरा, बाहर निकाला पर थम गईं सांसें

उजड़ गया हंसता खेलता परिवार, बुढ़े माता पिता ने खो दिया जवान बेटा

शेयर करें:

chamba acc news

चंबा। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच पहाड़ी क्षेत्रों में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कई परिवार अपनों को खोने के गम में डूब रहे हैं। ऐसे हादसे न केवल जिंदगी छीन रहे हैंए बल्कि कई हंसते खेलते परिवारों को पलभर में उजाड़ दे रहे हैं। अब ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा चंबा जिला के सलूणी उपमंडल में हुआ है। यहां एक व्यक्ति की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई है। मृतक व्यक्ति तीन मासूम बच्चों का पिता था। उसकी मौत से परिवार गहरे सदमें में है।

पैर फिसलने से 300 फीट गहरी खाई में गिरा

जानकारी के अनुसार सलूणी उपमंडल की ग्राम पंचायत खड़जोता के गांव लडेर निवासी किशन चंद पुत्र ज्ञान चंद रोजमर्रा की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए निकला था। वह लडेर मोड़े के समीप पशुओं को चरा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह करीब 100 मीटर गहरी ढांक में जा गिरा। हादसे में किशन चंद गंभीर रूप से घायल हो गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में बादल फटने से मची तबाही- सैलाब में बहा पुल; मंदिर जा रहे 50 श्रद्धालु रास्ते में फंसे

महिला ने देखा हादसाए शोर मचा कर ग्रामीणों को बुलाया

बताया जा रहा है कि घटनास्थल के समीप ही एक महिला भी अपने मवेशी चरा रही थी। उसने किशन चंद को अचानक खाई में गिरते हुए देखा और बिना देर किए आसपास के ग्रामीणों को इसकी सूचना दी। हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पहाड़ी और दुर्गम क्षेत्र होने के कारण घायल तक पहुंचना और उसे खाई से बाहर निकालना ग्रामीणों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद किशन चंद को खाई से बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया।

अस्पताल में तोड़ा दम

परिजन गंभीर रूप से घायल किशन चंद को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। उपचार के दौरान किशन चंद ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार और गांव में मातम पसर गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल में बेकाबू बस का कहर- कई कारों को टक्कर मार बाइक सवार को कुचला, युवक की मौ**त

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

किशन चंद की मौत ने उसके परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। वह परिवार की जिम्मेदारियां संभालने वाला मुखिया था। उसकी अचानक मौत से पत्नी और तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। वहीं वृद्ध माता-पिता ने भी अपने बेटे को खो दिया। हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और हर कोई परिवार को सांत्वना देने में जुटा हुआ है।

पुलिस ने शव का करवाया पोस्टमार्टम

घटना की सूचना मिलते ही किहार थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : शराब के नशे में घर पहुंचा पति, पत्नी पर चलाया चा**कू- बच्चों के सामने मां ने तोड़ा दम

मामला तीसा थाना क्षेत्र का, आगामी कार्रवाई जारी

बताया गया है कि जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह तीसा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। ऐसे में किहार पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद मामला आगामी जांच एवं कार्रवाई के लिए तीसा थाना को भेज दिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पुलिस बैंड प्रभारी पर FIR, लंदन जाने के लिए स्पॉन्सरशिप मांगने के आरोप- जांच जारी

प्रशासन ने दी 25 हजार की फौरी राहत

हादसे के बाद स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है। खड़जोता पंचायत के प्रधान सुनी ठाकुर ने प्रशासन से परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए उचित मदद देने की अपील की। वहीं नायब तहसीलदार सलूणी डी.सी. राणा ने बताया कि मृतक के परिजनों को प्रशासन की ओर से 25 हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख