#हादसा
June 28, 2026
हा.दसों से दहली देवभूमि: अब सतलुज नदी में गिरी कार; बेटे की शिकायत पर चालक पिता के खिलाफ FIR
बेटे ने धक्का लगाकर स्टार्ट की थी कार, थोड़ी दूर जाकर सतलुज में गिरी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले कुछ दिनों के भीतर हुए भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। शुक्रवार और शनिवार को शिमला के रामपुर और चंबा जिले में हुए तीन बड़े हादसों में 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई है। इन हादसों ने देवभूमि को शोक में डुबो दिया। इस सब के बीच अब राजधानी शिमला के रामपुर से एक और बड़े हादसे की खबर सामने आई है।
यहां एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और लुढ़कते हुए सतलुज नदी तक पहुंच गई। वाहन का बड़ा हिस्सा नदी के तेज बहाव में डूब गया। गनीमत यह रही कि चालक नदी तक पहुंचने से पहले ही वाहन से बाहर छिटक गया, जिससे उसकी जान बच गई, हालांकि वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पंचायत उपप्रधान ने कार्यभार संभालते ही शिक्षिका की लू.ट ली इज्जत! ब्लै*कमेल भी किया
जानकारी के अनुसार हादसे से कुछ समय पहले वाहन स्टार्ट नहीं हो रहा था। चालक का 21 वर्षीय बेटा अपने एक दोस्त के साथ मिलकर कार को धक्का लगा रहा था, जबकि उसके पिता ड्राइविंग सीट पर बैठे थे। करीब 15 से 20 कदम तक धक्का लगाने के बाद वाहन अचानक स्टार्ट हो गया। इसके बाद चालक कार को लेकर घर की ओर निकल गया। लेकिन कुछ ही मिनटों बाद एक ऐसी सूचना मिली जिसने बेटे के पैरों तले जमीन खिसका दी।
कार के आगे निकलने के कुछ समय बाद स्थानीय महिलाओं ने दौड़कर बेटे को बताया कि वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिर गया है। सूचना मिलते ही युवक अपने दोस्त के साथ घटनास्थल की ओर भागा। जब वह मौके पर पहुंचा तो वहां का दृश्य बेहद भयावह था। कार सतलुज नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ी थी और उसका बड़ा हिस्सा पानी में समा चुका था। नदी का तेज बहाव देखकर हर कोई सहम गया।
यह भी पढ़ें : गजब...घाटे में चल रहा HRTC कर्ज लेकर चुकाएगा कर्मियों-पेंशनरों की लंबित देनदारियां; दूसरी बार लेगा लोन
बेटे को पहले लगा कि शायद उसके पिता नदी में बह गए होंगे। लेकिन तलाश करने पर कुछ दूरी पर वह गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़े मिले। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायल चालक को उपचार के लिए खनेरी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब नहीं लगेंगे इथेनॉल और सरिया उद्योग, सुक्खू सरकार ने आखिर क्यों लिया ऐसा फैसला; जानें
इस मामले का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि हादसे के बाद 21 वर्षीय बेटे की शिकायत पर पुलिस ने चालक पिता के खिलाफ ही मामला दर्ज कर लिया है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाया जा रहा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : देर रात गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौ*त से मचा हाहाकार
पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा चालक की लापरवाही, वाहन की तकनीकी खराबी या किसी अन्य वजह से हुआ।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों में कई परिवार अपनों को खो चुके हैं, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। ऐसे में एक बार फिर सड़क सुरक्षा और वाहन संचालन में सतर्कता को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।