#हादसा
February 15, 2026
हिमाचल: कार चालक ने साइकिल सवार दो बच्चों को रौंदा, मां-बाप ने खो दिया 15 साल का बेटा
ऊना के घालूवाल में हुआ हादसा, पुलिस मामले की जांच में जुटी
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल में तेज रफ्तार और लापरवाही का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। ताजा मामला ऊना जिले के घालूवाल क्षेत्र से सामने आया है, जहां रविवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका 13 वर्षीय चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना पुलिस चौकी पंडोगा के तहत घालूवाल क्षेत्र की बताई जा रही है। मृतक की पहचान चंद्रपाल के पुत्र नन्हें के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं का रहने वाला था और परिवार के साथ घालूवाल में रह रहा था। हादसे के समय दोनों किशोर सड़क पर थे, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले- सीएम सुक्खू मेरे साथ चलें दिल्ली; कर्ज पर ब्याज दर करवाएंगे कम
बताया जा रहा है कि दोनों भाई साइकिल पर सवार थे, इसी दौरान एक कार चालक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि नन्हें ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका चचेरा भाई मनोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रसोई में खाना बना रही थी मां, पास खड़ा था बेटा, अचानक सिलेंडर में हुआ जोरदार धमा*का
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही लंबे समय से चिंता का कारण बनी हुई है। सड़क पर स्पीड कंट्रोल के पर्याप्त इंतजाम न होने और यातायात नियमों की अनदेखी के चलते ऐसे हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही और तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सेप्टिक टैंक महिला देह मामला... पति ने अ*वैध संबधों के चलते मौ*त के घाट उतारी थी पत्नी
यह हादसा सिर्फ एक परिवार की त्रासदी नहींए बल्कि पूरे समाज के लिए चेतावनी है। जरूरत है कि चालक जिम्मेदारी से वाहन चलाएं और प्रशासन भी सड़क सुरक्षा उपायों को सख्ती से लागू करे, ताकि किसी और घर का चिराग यूं असमय न बुझ जाए।