#हादसा
January 12, 2026
हिमाचल: लोहड़ी की खुशियां मातम में बदली, घर लौट रहे बाइक सवार की ऐसे थमी सांसें
बर्तन की दुकान कर पालता था परिवार, अब सबको बेसहरा छोड़ गया शख्स
शेयर करें:

ऊना। हिमाचल प्रदेश में नया साल सड़क हादसों के लिहाज से बेहद अशुभ साबित होता नजर आ रहा है। वर्ष की शुरुआत होते ही प्रदेश भर से लगातार दर्दनाक दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। कहीं तेज रफ्तार जान ले रही है, तो कहीं सड़कों पर घूमते बेसहारा पशु मौत का कारण बन रहे हैं। ऐसा ही एक हृदयविदारक सड़क हादसा अब ऊना जिले के अंब क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक व्यक्ति की जान चली गई।
मिली जानकारी के अनुसार मामला ऊना जिला के उपमंडल अंब से सामने आया है। यहां नंदपुर क्षेत्र के पास रविवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क पर अचानक एक बेसहारा पशु आ गया, जिससे बाइक संतुलन खो बैठी और चालक सड़क पर गिर पड़ा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल व्यक्ति को उठाकर सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया। लेकिन अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 20 वर्षीय विवाहिता ने पति को व्हाट्सएप पर लिखा, "मैं म*र जाऊंगी" उसके बाद हुई लापता
मृतक की पहचान 50 वर्षीय विनोद कुमार पुत्र हरभजन सिंह के रूप में हुई है। वह नंदपुर क्षेत्र में बर्तनों की दुकान चलाकर अपने परिवार का पालन.पोषण करते थे और इलाके में एक मिलनसार व्यक्ति के रूप में जाने जाते थे। बताया जा रहा है कि विनोद कुमार कुठियाड़ी और नंदपुर के बीच स्थित एक पेट्रोल पंप पर बाइक में ईंधन भरवाने जा रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए बेसहारा पशु के कारण यह हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: होटल में लग रही थी जिस्म की बोली, 24 वर्षीय युवती ग्राहकों को परोस रही थी लड़कियां
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों व प्रत्यक्षदर्शियों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। मामले की पुष्टि करते हुए एएसपी ऊना सुरिंदर शर्मा ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि नए साल की शुरुआत से ही हिमाचल प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं की संख्या में इजाफा देखने को मिल रहा है। खासकर बेसहारा पशुओं की वजह से हो रहे हादसे लोगों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। यह घटना एक बार फिर सड़क सुरक्षा और पशु नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।