#हादसा
February 10, 2026
हिमाचल: पल भर में उजड़ा घर... अचानक बैक हुई जीप के नीचे दब गई महिला, निकले प्राण
जीप से सामान उतारते समय हुई घटना, अस्पताल भी नहीं पहुंच पाई बेचारी
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश में लगातार सामने आ रहे हादसे अब आम लोगों की जिंदगी पर भारी पड़ते जा रहे हैं। मंडी जिले के रिवालसर क्षेत्र से आई एक हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है, जहां रोजमर्रा के काम में जुटी एक बुज़ुर्ग महिला अचानक पीछे लुढ़की जीप की चपेट में आ गई और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई।
यह दर्दनाक हादसा बल्ह तहसील के चलहर गांव में उस समय पेश आया, जब गांव की रहने वाली 62 वर्षीय नागेश्वरु देवी अपने घर के पास खड़ी जीप से सामान उतार रही थीं। किसी को अंदेशा भी नहीं था कि कुछ ही पलों में खुशहाल घर मातम में बदल जाएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में ये क्या हो रहा? घर के टैंक में मिली महिला की देह, पति और दोनों देवर फरार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामान उतारते वक्त जीप अचानक अनियंत्रित होकर पीछे की ओर खिसक गई। इससे पहले कि नागेश्वरु देवी खुद को संभाल पातीं, वह जीप की चपेट में आ गईं। जीप के नीचे आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और मौके पर ही उनकी हालत नाजुक हो गई।
हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण तुरंत घायल महिला को नागरिक अस्पताल रिवालसर लेकर दौड़े, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। यह खबर सुनते ही परिजनों का रो.रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद चलहर गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जिस आंगन में कुछ देर पहले रोजमर्रा की चहल-पहल थी, वहां अब सन्नाटा पसरा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक भेज दिया गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जीप अचानक कैसे पीछे लुढ़की और क्या इसमें लापरवाही का कोई पहलू है।
हिमाचल प्रदेश में हाल के दिनों में सड़क और वाहन से जुड़े हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। कभी तेज रफ्तार तो कभी वाहन की तकनीकी खराबी आम लोगों की जान ले रही है। यह हादसा एक बार फिर सावधानी और सुरक्षा उपायों की जरूरत पर सवाल खड़े करता है।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी मंडी विनोद कुमार ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।