#हादसा
March 5, 2026
हिमाचल : होली पर बेसहारा हुए 3 मासूम बच्चे, शटरिंग करते चौथी मंजिल से गिरा पिता- तोड़ा दम
बूढ़े मां-बाप से छिन गया इकलौता सहारा, पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां होली के त्योहार पर तीन मासूम बच्चों ने एक हादसे में पिता को खो दिया है। 27 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत के बाद उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
बताया जा रहा है कि युवक अपने परिवार का इकलौता सहारा था। युवक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पाल रहा था। उसकी अचानक हुई मौत के बाद बूढ़े मां-बाप और पत्नी गहरे सदमे है। पति की मौत के बाद अब बूढ़े मां-बाप और तीनों बच्चों की जिम्मेदारी मृतक की पत्नी के कंधों पर आ गई है।
जानकारी के अनुसार, युवक के साथ हादसा गोहर उपमंडल की धीस्ती ग्राम पंचायत के भलोठी (जाछ) गांव में होली से एक दिन पहले पेश आया। परिजनों ने बताया कि युवक भलोठी गांव में एक निजी मकान के निर्माण कार्य में बतौर मिस्त्री शटरिंग का काम कर रहा था।
इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसला और उसका संतुलन बिगड़ते ही वो मकान की चौथी मंजिल से नीचे गिर गया। करीब 40 फुट ऊंचाई से गिरने के कारण युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल युवक को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से ही पहले ही युवक ने रास्ते में दम तोड़ दिया।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक की पहचान विनय (वीर सिंह) के रूप में हुई है- जो कि भलोठी गांव का रहने वाला था। विनय की मौत के बाद उसके पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। लोगों ने बताया कि विनय एक गरीब परिवार से संबंध रखता था। उसकी मौत के बाद उसके बूढ़े मां-बाप, पत्नी और तीनों मासूम बच्चों का गुजर-बसर मुश्किल हो गया है।
होली वाले दिन विनय के घर व गांव में मातम पसरा रहा। मामले की पुष्टि करते हुए SP मंडी विनोद ठाकुर ने बताया कि विनय की मौत को लेकर परिजनों ने किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया है।