#हादसा
April 10, 2026
हिमाचल : ट्रैक्टर के नीचे आया युवक, मजदूरी कर पालता था परिवार- इकलौते बेटे के जाने से सदमे में मां
गरीब परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदशे के चंबा जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। ग्राम पंचायत उदयपुर में वीरवार देर रात एक बेहद दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। करीब 26 वर्षीय एक युवक की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार यह हादसा रात लगभग साढ़े नौ बजे पंचायत के पंप हाउस के पास हुआ। बताया जा रहा है कि नोटी पुत्र नामो राम मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का गुजारा करता था और घर का एकमात्र सहारा था। अचानक हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तुरंत पुलिस को जानकारी दी गई। द्रड्डा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है।
मृतक के परिवार की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर बताई जा रही है। घर में वृद्ध माता-पिता हैं, जबकि बड़ी बहन का विवाह हो चुका है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां बेसुध हो गई, वहीं पिता बिना चप्पल पहने ही घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। यह दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे इस कठिन समय में संभल सकें। SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में युवक की मौत ट्रैक्टर के नीचे आने से हुई है। पुलिस ने सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।