#हादसा
April 22, 2026
हिमाचल: बुझ गया एक घर का चिराग, कंपनी में AC कंप्रेसर ब्ला*स्ट होने से 20 वर्षीय युवक की मौ*त
निजी कंपनी में एसी यूनिट स्थापित करने का चल रहा था काम
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में हुए एक दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उनका जवान बेटा हमेशा के लिए छीन लिया। महज 20 साल का युवक, जो अपने परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी संभालने में जुटा था, अचानक एक हादसे का शिकार हो गया। जिस बेटे को माता.पिता अपने बुढ़ापे का सहारा मान रहे थे, वह पलभर में उन्हें अकेला छोड़ गया।
यह घटना सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बद्दी में जुड्डीकलां स्थित एक निजी कंपनी की है, जहां नए एसी यूनिट स्थापित करने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक एसी का कंप्रेसर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना तेज था कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में मंडी जिला के सरकाघाट क्षेत्र के रहने वाले 20 वर्षीय ऋषभ की मौके पर ही मौत हो गई।
ऋषभ कंपनी में काम कर अपने परिवार की मदद कर रहा था और घर की उम्मीदों का सहारा बना हुआ था। हादसे में एक अन्य व्यक्ति मान सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उसकी हालत को लेकर डॉक्टरों की निगरानी जारी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल निकाय चुनाव बना 'मिनी विधानसभा' का दंगल, सुक्खू सरकार की साख और भाजपा का इम्तिहान
ऋषभ की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस बेटे से माता-पिता ने कई सपने संजोए थे, वह अचानक इस दुनिया को अलविदा कह गया। गांव में शोक की लहर है और हर कोई इस घटना से स्तब्ध है। यह हादसा एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, और पीछे छोड़ जाता है एक ऐसा परिवार जिसकी दुनिया अब हमेशा के लिए बदल चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : स्कूल जा रही लड़की को जबरन अपने घर ले गया युवक, की नीचता- अब मिली कठोर सजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए फोरेंसिक साइंस लैब की टीम को भी बुलाया गया है, जो तकनीकी जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या कोई तकनीकी खामी।