#हादसा
June 16, 2025
हिमाचल : प्रेशर कुकर में हुआ जोरदार धमाका, रसोई में फंस गया 12 साल का लड़का; मची चीख-पुकार
बच्चे के शरीर और मुंह पर गिरी गरम दाल
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में चंबा जिले में दुखद घटना घटी है। यहां पर साहो क्षेत्र के एक घर के रसोई घर में प्रेशर कुकर फट गया है। धमाका इतना जोरदार था कि आस-पड़ोस के लोग सब बाहर निकल आए।
दुखद बात ये हे कि प्रेशर कुकर फटने से एक 12 साल का बच्चा झुलस गया है। बच्चा करीब 40 फीसदी जल गया है। उसे अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
परिजनों ने बताया कि बच्चा रसोई में था। इसी दौरान अचानक प्रेशर कुकर फट गया और उसमें रखी दाल बच्चे के मुंह तथा शरीर के कई हिस्सों में गिर गई। जिसके कारण बच्चा बुरी तरह झुलस गया।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी-नुकसान नहीं हुआ है। दाल शरीर पर गिरते ही बच्चा जोर से चिल्लाया। उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिजन दौड़ते हुए मौके पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा लेकर पहुंचे। जहां मौजूद डॉक्टरों ने बच्चे की हालत देखते हुए उसे दाखिल कर लिया।
फिलहाल, बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। मगर बच्चा करीब 40 फीसदी जल गया है। बच्चा अभी अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में है और उसका इलाज चल रहा है। उसके शरीर पर जो जलन के घाव हैं, उनकी ड्रेसिंग की जा रही है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दुख और चिंता का माहौल बना हुआ है।