#यूटिलिटी
February 18, 2025
सुक्खू सरकार का व्यवस्था परिवर्तन : 250 मामले पर थाना बनेगा ए प्लस, जहां तैनात होंगे 70 पुलिसवाले
राज्य के सभी 135 पुलिस थानों के वर्गीकरण का नया फॉर्मूला तय, पुलिस भर्ती के निर्देश
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने राज्य के व्यवस्था परिवर्तन की योजना के तहत सभी 135 पुलिस थानों को छह श्रेणियों में बांटने के नए फॉर्मूले का ऐलान कर दिया है। इसके मुताबिक, सालाना 250 मामले दर्ज करने वाले पुलिस थानों को ए प्लस की श्रेणी में रखा गया है। इस श्रेणी के थाने में 70 पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इन्हीं 70 पुलिस वालों पर आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम, वीआईपी मूवमेंट, यातायात व्यवस्था और सैलानियों की सुरक्षा जैसी और भी जिम्मेदारियां होंगी।
सीएम सुक्खू के आदेश पर सरकार ने राज्य के सभी 135 पुलिस थानों को छह श्रेणियों में बांटा है। ये बंटवारा जनसंख्या, भौगोलिक क्षेत्र, आपराधिक गतिविधियां, वीआईपी मूवमेंट, यातायात व्यवस्था, अंतर-राज्यीय सीमाएं और पर्यटकों की आमद जैसे कारकों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: "महाराणा" की प्रतिमा से क्यों घबरा रहे हैं "मौलाना" ? कहां आहत हो रही हैं भावना
पुलिस थानों को वार्षिक अपराध पंजीकरण की संख्या के आधार पर ए प्लस से ई कुल छह श्रेणियों में वर्गीकृत किया गया है। प्रति वर्ष 250 से अधिक मामले दर्ज करने वाले ए प्लस 15 थानों की पहचान की गई है। इसके अतिरिक्त ए श्रेणी में 5, बी में श्रेणी 25, सी श्रेणी में 47, डी में 28 और ई श्रेणी में 15 पुलिस थाने चिन्हित किए गए हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: मामूली कहासुनी में दंपती ने चाचा का 'बजाया ढोल', अब पीसेंगे जेल में चक्की
ए प्लस श्रेणी के थानों में कम से कम 70, ए श्रेणी में 65, बी श्रेणी में 48, सी श्रेणी में 37, डी श्रेणी में 25 और ई श्रेणी में 19 पुलिस कर्मी तैनात होंगे। प्रत्येक थाने में जांच अधिकारियों की संख्या एफआईआर पंजीकरण की आवृत्ति के आधार पर निर्धारित की जाएगी। सीएम ने पुलिस विभाग को इस नए वर्गीकरण के अनुसार पद भरने और पुलिस बल को तैनात करने के निर्देश दिए हैं ताकि आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाकर कानून व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू किया जा सके।