शिमला। केंद्र की मोदी सरकार ने हिमाचल को बड़ी सौगात दी है। मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हिमाचल को एक साथ 92364 घर बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी है। ऐसा पहली बार हुआ है, जब केंद्र की मोदी सरकार ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत एक साथ इतने ज्यादा घरों को मंजूरी प्रदान की है। यह घर वित्त वर्ष 2024 25 के लिए मंजूर किए गए हैं।
राज्यों के एक लाख से कम घरों को एक साथ दी मंजूरी
दरअसल केंद्र की मोदी सरकार ने फैसला किया है कि जिन राज्यों की भी पात्रता लिस्ट एक लाख घरों से कम है, उन्हें एक साथ घर बनाने की मंजूरी प्रदान कर दी जाए। जिसके चलते ही हिमाचल को एक साथ पीएम आवास योजना के तहत 92,364 घर बनाने की मंजूरी प्रदान की गई है। 92,364 घरों में 31 मार्च, 2024 तक मिले 17,188 घर भी शामिल रहेंगे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में घर बनाना हुआ महंगा: कंपनियों ने एक बार फिर बढ़ाए सीमेंट के दाम
हिमाचल को मिला अप्रूवल लेटर
भारत सरकार की तरफ से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रायल के डिप्टी डायरेक्टर जनरल गया प्रसाद की ओर से हिमाचल सरकार के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के सचिव को इन घरों की मंजूरी को लेकर पत्र भेज दिया गया है। केंद्र की मोदी सरकार की इस सौगात से हिमाचल के कई गरीब लोगों को अब अपना घर मिल जाएगा, जिसका वह लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : कहता था- शादी करूंगा, 4 साल साथ में रखा फिर छोड़ दिया
हिमाचल को मिले सबसे अधिक घर
बता दें कि हिमाचल को इससे पहले कभी इतनी बड़ी संख्या में एक साथ इतने घरों की मंजूरी नहीं मिली थी। रिपोर्ट के अनुसार देश में पहाड़ी राज्य हिमाचल ही एक ऐसा राज्य है, जहां सबसे अधिक 92364 घर बनाने की मंजूरी प्रदान की गई है। केंद्र की तरफ से मंजूर किए गए 92364 घरों में 60 फीसदी घर अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति के लोगों को देना जरूरी होगा।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : शेड बना रहे थे 2 सगे भाई, छोटे ने बड़े की आंखों के सामने ली अंतिम सांस
हिमाचल में घरों का आबंटन हुआ पूरा
हिमाचल में 31 मार्च, 2024 तक मंजूर किए गए 17,188 घरों की राशि को जारी भी किया जा चुका है। इनमें अधिकतर घरांे का निर्माण हो चुका है और कुछ घरों का निर्माण कार्य चल रहा है। अब 92,364 घरों की मंजूरी के बाद अब हिमाचल प्रदेश में घरों का आबंटन पूरा हो गया है। घर आबंटन के लिए चयन 15 जुलाई, 2021 को मंत्रालय द्वारा जारी यूजर मैन्युअल के आधार पर करने को कहा गया है। केंद्र से मंजूरी मिलने के बाद अब हिमाचल के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने इसकी तैयारी भी शुरू कर दी है।
किस राज्य को मिले कितने घर
- हिमाचल प्रदेश 92,364 घर
- हरियाणा 77,058 घर
- पंजाब 63,985 घर
- उत्तर प्रदेश 70,834 घर
- आंध्र प्रदेश 684 घर
तीन किस्तों में मिलेंगी राशि
बता दें कि प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत पात्र लोगों को घर बनाने के लिए केंद्र सरकार की तरफ से 1.30 लाख रुपए की राशि दी जाती है। जबकि 20 हजार की राशि हिमाचल सरकार की तरफ से दी जाती है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल में घर बनाना हुआ महंगा: कंपनियों ने एक बार फिर बढ़ाए सीमेंट के दाम
केंद्र सरकार द्वारा दी जाने वाली 1.30 लाख रुपए की राशि तीन किस्तों में दी जाती है। जिसमें पहली किस्त 65 हजार रुपए कि, जबकि दूसरी किस्त 50 हजार और तीसरी किस्त 15 हजार रुपए की दी जाती है। पात्र लोगों को विकास खंड अधिकारी के माध्यम से इस राशि का भुगतान किया जाता है।
आपदा में अनुराग ठाकुर ने मंजूर करवाए थे हिमाचल के लिए घर
बता दें कि हिमाचल में पिछले साल आई प्राकृतिक आपदा के समय भी केंद्र सरकार ने हिमाचल को पीएम आवास योजना के तहत घर बनाने की सौगात दी थी। यह सौगात उस उस समय केंद्र में मंत्री रहते हुए हमीरपुर के सांसद की बदौलत हिमाचल को मिली थी। अनुराग ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री से मिलकर हिमाचल की स्थिति से उन्हें अवगत करवाया और उनसे मांग की थी हिमाचल के लिए पीएम आवास योजना के तहत घरों की मंजूरी प्रदान की जाए।