#यूटिलिटी
July 21, 2026
हिमाचल में बारिश का कहर : 5 जिलों में रेड अलर्ट, फ्लैश फ्लड ने मचाई तबाही- कई जिलों के स्कूल बंद
25 जुलाई तक जारी रहेगा बारिश का दौर
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून एक बार फिर खतरनाक रूप ले चुका है। बीती रात से कई जिलों में हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मौसम विभाग ने पांच जिलों के लिए रेड अलर्ट और नौ जिलों के लिए फ्लैश फ्लड की चेतावनी जारी की है। हालात को देखते हुए कई जिलों में स्कूल बंद कर दिए गए हैं, जबकि लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
भारी बारिश के चलते चंबा जिला और शिमला के ठियोग क्षेत्र में सभी शिक्षण संस्थानों में आज अवकाश घोषित किया गया है। वहीं मंडी, कांगड़ा और सिरमौर जिलों के शिक्षण संस्थान पहले से ही बंद हैं। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और सिरमौर जिलों के लिए अत्यधिक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं IMD ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, सिरमौर, शिमला, सोलन, किन्नौर और लाहौल-स्पीति जिलों में फ्लैश फ्लड की चेतावनी दी है। विभाग ने भूस्खलन, जलभराव और नदी-नालों के जलस्तर में अचानक बढ़ोतरी की आशंका जताई है।
22 जुलाई को ऊना, हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी और सिरमौर में ऑरेंज अलर्ट रहेगा, जबकि बिलासपुर, चंबा, कुल्लू, शिमला और सोलन में भी अच्छी बारिश की संभावना है। 23 जुलाई को कुछ क्षेत्रों में मौसम में हल्का सुधार हो सकता है, लेकिन 24 और 25 जुलाई तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का पूर्वानुमान है।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है। चंबा का अधिकतम तापमान सामान्य से 5.6 डिग्री कम दर्ज किया गया। हालांकि 1 जून से 20 जुलाई तक मानसून सीजन में प्रदेश में सामान्य से 18 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक कमी लाहौल-स्पीति, हमीरपुर और मंडी जिलों में दर्ज की गई है।