#यूटिलिटी

July 14, 2026

हिमाचल में फिर मंडराया भारी बारिश का खतरा- IMD ने जारी किया 6 दिन का अलर्ट

प्रदेश में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है

शेयर करें:

Himachal Weather IMD Shimla Monsoon Update Heavy Rain Alert

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लगातार बारिश के बाद फिलहाल मौसम ने कुछ राहत दी है। राजधानी शिमला समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में पिछले दो दिनों से मौसम साफ बना हुआ है और धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

मंडराया भारी बारिश का खतरा

हालांकि यह राहत ज्यादा दिन नहीं रहने वाली। मौसम विभाग ने 18 जुलाई से प्रदेश में एक बार फिर भारी बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई है। इसके लिए लोगों को पहले से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के खाली खजाने को भरेगी यह परियोजना, सालाना 900 करोड़ रुपए की करेगी कमाई

चार दिन तक साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार 17 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम सामान्य बना रहेगा। इस दौरान व्यापक बारिश की संभावना नहीं है और केवल कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। लगातार धूप निकलने से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी होने की संभावना है। मैदानी इलाकों में उमस भी बढ़ सकती है।

17 जुलाई की रात बदलेगा मौसम

मौसम विभाग का कहना है कि 17 जुलाई की रात एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से 18 जुलाई से प्रदेश में मानसून फिर से रफ्तार पकड़ सकता है। विभाग ने 18 से 23 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया है। ऐसे में भूस्खलन संभावित क्षेत्रों और नदी-नालों के आसपास रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का 'सेस मॉडल' भरने लगा खाली खजाना, छह महीने में आया करोड़ों का राजस्व

जुलाई में सामान्य से 32 फीसदी ज्यादा बारिश

प्रदेश में जुलाई के पहले 13 दिनों के दौरान सामान्य से 32 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 से 13 जुलाई के बीच सामान्य तौर पर 94.5 मिलीमीटर वर्षा होती है, जबकि इस बार इसी अवधि में 125 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है।

किन्नौर, सोलन और कुल्लू में सबसे ज्यादा बारिश

बारिश का असर सभी जिलों में एक जैसा नहीं रहा। किन्नौर में सामान्य से 151 प्रतिशत, सोलन में 115 प्रतिशत और कुल्लू में 107 प्रतिशत अधिक बारिश दर्ज की गई है। वहीं बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और मंडी जिलों में सामान्य से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार के हाल: पदोन्नत कर पोस्टिंग देना भूली, 9 माह से वन रक्षक का काम कर रहे 300 डिप्टी रेंजर

लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने कहा है कि 18 जुलाई से मौसम फिर बिगड़ सकता है। इसलिए पहाड़ी क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोग मौसम का ताजा अपडेट देखकर ही सफर करें। साथ ही भूस्खलन संभावित इलाकों, नदी-नालों और संवेदनशील मार्गों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख