#यूटिलिटी

June 10, 2025

हिमाचल: भीषण गर्मी में भी ट्रैफिक पुलिस रहेगी कूल-कूल, अब पहनने को मिलेंगे AC हेलमेट

हिमाचल ट्रैफिक पुलिस को मिलेगी गर्मी से राहत

शेयर करें:

himachal news

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में भीषण गर्मी और तेज़ लू के बीच एक ओर जहां आम लोग घरों में दुबकने को मजबूर हैं, वहीं दूसरी ओर ट्रैफिक पुलिसकर्मी तपती सड़कों पर अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं। 40 डिग्री से अधिक तापमान और लगातार चल रही गर्म हवाओं के बीच पुलिसकर्मियों की सेहत पर बुरा असर पड़ने लगा है। मगर, इन परिस्थितियों को देखते हुए बिलासपुर पुलिस ने एक सराहनीय और आधुनिक पहल की है जिसमें ट्रैफिक पुलिस कर्मियों को अब एसी हेलमेट पहनने को दिए जाएंगे।

गुजरात मॉडल की हिमाचल में एंट्री

यह पहल गुजरात, राजस्थान और दिल्ली जैसे राज्यों की तर्ज पर की गई है, जहां ट्रैफिक पुलिस को गर्मियों में राहत देने के लिए पहले ही AC हेलमेट्स उपलब्ध करवाए गए हैं। एसपी बिलासपुर ने इस मॉडल को हिमाचल में अपनाने की पहल की है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला- खराब रिजल्ट आने पर स्कूल प्रिंसिपल्स और टीचर्स की नहीं बढ़ेगी सैलरी

बीते कल सोमवार को इसका ट्रायल भी किया गया, जिसमें एक पुलिसकर्मी को AC हेलमेट पहनाकर टेस्ट किया गया। हेलमेट में लगा इनबिल्ट कूलिंग सिस्टम सीधे चेहरे तक ठंडी हवा पहुंचाता है, जिससे गर्मी और लू से काफी राहत मिलती है।

सेहत और कार्यक्षमता दोनों में लाभ

एसपी बिलासपुर संदीप धवल का मानना है कि चिलचिलाती धूप में ट्रैफिक ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों को अक्सर चक्कर, सिरदर्द और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं झेलनी पड़ती हैं।

यह भी पढ़ें : CM सुक्खू ने इसी साल 25 हजार नौकरियां देने का किया एलान, जानें किन पदों पर होंगी भर्तियां

AC हेलमेट से न केवल उन्हें गर्मी से राहत मिलेगी बल्कि उनकी कार्यक्षमता भी बेहतर होगी। अगर ट्रायल सफल रहता है तो इस तकनीक को पूरे जिले में लागू किया जाएगा और अन्य गर्म क्षेत्रों में भी इसे अपनाने पर विचार होगा।

ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के लिए बड़ी राहत

ये हेलमेट बैटरी से संचालित होते हैं और एक बार चार्ज करने पर कई घंटे तक ठंडी हवा प्रदान करते हैं। हेलमेट का वजन सामान्य हेलमेट जितना ही होता है, जिससे पहनने में कोई असुविधा नहीं होती। गर्मी में लगातार सड़क पर खड़े रहना ट्रैफिक पुलिस के लिए सबसे चुनौतीपूर्ण कार्यों में से एक है। इस पहल से न केवल उनके स्वास्थ्य की रक्षा होगी, बल्कि यह एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में उभर सकता है जिसे देशभर में अपनाया जा सकता है।

 

 पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख