राजनीति

#यूटिलिटी

June 28, 2026

हिमाचल में आज से खराब रहेगा मौसम, गरज-चमक के साथ होगी बारिश- येलो अलर्ट जारी

गरज-चमक के साथ होगी बारिश 

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

Himachal Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। प्रदेश में अगले छह दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) शिमला ने 1 से 3 जुलाई के बीच राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश होने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग ने 2 जुलाई को लेकर कई जिलों में येलो अलर्ट भी जारी किया है।

गरज-चमक के साथ होगी बारिश 

मौसम विभाग के अनुसार 28, 29 और 30 जून को प्रदेश के अधिकतर इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। वहीं, 1 जुलाई से बारिश की रफ्तार बढ़ सकती है और 1, 2 व 3 जुलाई को कई क्षेत्रों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : देर रात गहरी खाई में गिरी कार, चार लोगों की मौ*त से मचा हाहाकार

तेज हवाएं चलने की चेतावनी 

मौसम विभाग ने चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी समेत कई जिलों में तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। इन इलाकों में हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक रह सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर तेज झोंकों की रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।

प्रशासन की लोगों सतर्क रहने की अपील

खराब मौसम को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने से बचने और भूस्खलन वाले क्षेत्रों में सफर करते समय सतर्क रहने की अपील की है। बारिश के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कें फिसलन भरी हो सकती हैं और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अब नहीं लगेंगे इथेनॉल और सरिया उद्योग, सुक्खू सरकार ने आखिर क्यों लिया ऐसा फैसला; जानें

जून में कम बारिश, जुलाई के पहले सप्ताह में आ सकता है मानसून

इस बार जून महीने में प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी तक मानसून ने हिमाचल प्रदेश में दस्तक नहीं दी है। अगले कुछ दिनों तक मानसून के पहुंचने की संभावना कम है। अगर मौसम की परिस्थितियां अनुकूल रहीं तो जुलाई के पहले सप्ताह में मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

गर्मी से मिलेगी राहत

विभाग के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव होने की संभावना नहीं है। हालांकि बारिश शुरू होने के बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के इन बिजली बोर्ड कर्मियों को तोहफा: 15 हजार रुपए तक बढ़ा वेतन, चेतावनी भी मिली

शनिवार को ऊना सबसे गर्म, शिमला में 27.8 डिग्री तापमान

शनिवार को हिमाचल में ऊना सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके बाद नेरी में 39.1 डिग्री, बिलासपुर में 37.5 डिग्री, सुंदरनगर में 36.4 डिग्री, मंडी में 36.2 डिग्री और भुंतर व बरठीं में 36 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं धर्मशाला में 32 डिग्री, मनाली में 28.8 डिग्री और कुफरी में 20.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

धर्मशाला में दर्ज की ज्यादा बारिश 

शनिवार को प्रदेश में सबसे ज्यादा बारिश धर्मशाला में दर्ज की गई, जहां 17.1 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा ज्यादातर मौसम केंद्रों पर बारिश नहीं हुई। अब आने वाले दिनों में प्रदेशवासियों को मानसून की बारिश का इंतजार है।

Related Tags:

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख