#यूटिलिटी

July 8, 2026

हिमाचल के 5 जिलों में मौसम का यलो अलर्ट : तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर बरसेंगे मेघ

मैदानी से लेकर पहाड़ी इलाकों तक रहेगा बारिश का असर

शेयर करें:

Himachal Pradesh Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। पिछले कई दिनों से लगातार हो रही बारिश की वजह से कई जगह भूस्खलन हो रहा है और सड़कें बंद पड़ गई हैं। इससे लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग ने 13 जुलाई तक प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। आज यानी 8 जुलाई को भी कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान भी प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई।

आज इन पांच जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार आज हमीरपुर, कांगड़ा, मंडी, शिमला और सिरमौर जिले के कुछ इलाकों में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। इसी को देखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार को हाईकोर्ट ने दिए सख्त आदेश, कहा- हिमकेयर फंड जल्द करें जारी

कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, शिमला और सिरमौर में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। वहीं ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, चंबा और किन्नौर में भी बारिश के आसार हैं। लाहौल-स्पीति में भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है।

मैदानी से लेकर पहाड़ी इलाकों तक रहेगा बारिश का असर

मौसम विभाग का कहना है कि आज मैदानी और निचले पहाड़ी इलाकों में ज्यादातर जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, जबकि कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी देखने को मिल सकती है। मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश का यही दौर जारी रहेगा। वहीं ऊंचे पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की अहम बैठक जल्द, शिक्षक भर्ती से लेकर फर्जी इंटरनेट पोर्टल्स पर हो सकते हैं बड़े फैसले

13 जुलाई तक मौसम रहेगा खराब

मौसम विभाग ने बताया है कि 13 जुलाई तक प्रदेश में कई जगह भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। 9 और 10 जुलाई को भी हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना बनी रहेगी। वहीं 11 से 13 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई जगह आंधी-तूफान, बिजली चमकने और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है। खासकर किन्नौर और लाहौल-स्पीति में तेज हवाओं का असर ज्यादा देखने को मिल सकता है।

इन इलाकों में सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई

पिछले 24 घंटों के दौरान कांगड़ा जिले के गुलेर में सबसे ज्यादा 5 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा शिमला जिले के सराहन और मंडी के सुंदरनगर में 3-3 सेंटीमीटर बारिश हुई। हमीरपुर के नादौन और सुजानपुर टीहरा, बिलासपुर के काहू और किन्नौर के वांगटू में 2-2 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं नाहन, शिमला, स्लैपर, धर्मपुर, आरएल बीबीएमबी, जोगिंदरनगर, शिमला एडब्ल्यूएस और पच्छाद में 1-1 सेंटीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

यह भी पढ़ें : हिमाचल की महिलाओं के लिए खुशखबरी : इन पदों पर होगी भर्ती, जानें इंटरव्यू की डेट

कुकुमसेरी सबसे ठंडा, पांवटा साहिब सबसे गर्म रहा

बुधवार को प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कुकुमसेरी में 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान पांवटा साहिब में 34 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 3 से 4 दिनों तक न्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। हालांकि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री तक बढ़ सकता है, जबकि उसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख