#खेल
February 14, 2025
हिमाचल में कबड्डी को फिसड्डी बनाने की कोशिश- काबिल खिलाड़ी आउट, नाकाबिल इन
नालागढ़ के तीन खिलाड़ियों को नेशनल की टीम से हटाने पर मचा बवाल
शेयर करें:

शिमला। नेशनल गेम्स के लिए हिमाचल की कबड्डी टीम का चयन विवादों में घिर गया है। नालागढ़ के तीन खिलाड़ियों को टीम से बाहर करने का मामला गर्माया हुआ है। लेकिन इसी बीच एक खिलाड़ी का ऑडियो वायरल होने से बवाल और बढ़ गया है, जिसमें वे कह रहे हैं कि हिमाचल कबड्डी एसोसिएशन की कोई औकात ही नहीं है। मैं जो चाहूंगा, वही होगा। कबड्डी प्रेमी इस मामले को कबड्डी को फिसड्डी बनाने की कोशिश बताया है।
वायरल हुआ ऑडियो कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर का है। सोलन में प्रेस के सामने उनके ऑडियो को सुनाया गया, जिसमें वे खुद को हिमाचल कबड्डी एसोसिएशन का सर्वेसर्वा बता रहे हैं। खेल प्रेमियों ने इस तरह के दावे पर आपत्ति जताते हुए कहा कि नालागढ़ के जिन तीन खिलाड़ियों को टीम से बाहर किया गया है, उन्हें तुरंत वापस बुलाया जाए।
उनका कहना है कि एक ओर जहां सरकार युवाआ में नशे की लत का छुड़वाने के लिए खेलों को बढ़ावा दे रही है, वहीं दूसरी ओर अच्छे खिलाड़ियों को टीम से बाहर कर उन्हें हतोत्साहित किया जा रहा है। अगर ऐसा ही चलता रहा तो युवा खेल की ओर नहीं आएंगे और वे फिर नशे की चपेट में आ जाएंगे।
कबड्डी प्रेमियों का कहना है कि हिमाचल की कबड्डी टीम से बाहर किए गए खिलाड़ियों और नए चुने गए खिलाड़ियों के बीच एक मुकाबला करवा लेना चाहिए, ताकि पता चले कि चुने गए खिलाड़ियों में कितना दमखम है। इस मुकाबले में जो भी जीते, उसे टीम में लिया जाना चाहिए। पूर्व नेशनल खिलाड़ियों का भी कहना है कि हिमाचल प्रदेश कबड्डी एसोसिएशन अब मनमर्जी का शिकार है। उनका कहना है कि बाहर कए गए तीनों खिलाड़ियों को हिमाचल की टीम में जगह दी जानी चाहिए और हिमाचल की कबड्डी को इस तरह बदनाम नहीं करना चाहिए।