#राजनीति

March 20, 2024

राजनीतिक गहमागहमी के बीच प्रियंका गांधी को साथ लेकर शिमला पहुंचे CM सुक्खू

शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लोकसभा चुनावों की तैयारियों के बीच अब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शिमला पहुंच गई है। उनके साथ ही मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू भी शिमला पहुंचे हैं। दोनों ही नेता चंडीगढ़ से सड़क मार्ग से होते हुए शिमला पहुंचे। शिमला में प्रियंका गांधी कुछ नेताओं से मुलाकात कर सकती है।

कांग्रेस नेता लोस चुनावों से करने लगे किनारा

प्रियंका गांधी ऐसे समय में हिमाचल पहुंची हैं, जब यहां कांग्रेस के हालात कुछ ठीक नहीं हैं। यहां तक कि कांग्रेस के दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव लड़ने तक से कतराने लगे हैं। ऐसे में प्रियंका गांधी अब हिमाचल कांग्रेस के कई बड़े नेताओं से मुलाकात कर सकती है। प्रियंका गांधी लोकसभा चुनाव से लेकर विधानसभा के उपचुनाव की तैयारियों की फीडबैक भी ले सकती है।

प्रतिभा सिंह ने भी चुनाव लड़ने से किया मना

बता दें कि हिमाचल में राज्यसभा सीट पर हुए चुनाव के बाद से कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। हालांकि अब स्थिति कुछ हद तक संभाल ली गई है, लेकिन कांग्रेस की संख्या में से छह विधायक कम हो गए हैं। वहीं अब लोकसभा चुनाव की टिकटों को लेकर माथापच्ची चल रही है। कांग्रेस के कई दिग्गज नेता लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर चुके हैं। जिसमें सबसे बड़ा नाम प्रतिभा सिंह का है।

कांग्रेस अभी तक एक भी टिकट नहीं कर पाई फाइनल

प्रतिभा सिंह के अलावा कौल सिंह, रामलाल ठाकुर भी लोकसभा चुनाव लड़ने को तैयार नहीं है। ऐसे में कांग्रेस हाइकमान के सामने लोकसभा चुनाव जीतना एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। लोकसभा चुनाव की टिकटों के चयन को लेकर दिल्ली में भी मंथन चल रहा है, लेकिन अभी तक किसी भी सीट पर कोई एक नाम फाइनल नहीं हो पाया है।

क्या प्रियंका के हिमाचल आने से कांग्रेस को मिलेगा फायदा

इस सब के बीच अब प्रियंका गांधी का शिमला आना कांग्रेस और सीएम सुक्खू के लिए कितना फायदेमंद होता है, यह तो भविष्य के गर्भ में ही छिपा है। बता दें कि प्रियंका गांधी का शिमला के पास ही छराबड़ा में अपना घर है। यहीं पर प्रियंका गांधी रूकने वाली है। वह बीते विधानसभा चुनाव के दौराना भी काफी समय तक यहीं पर रूकी हुई थीं।
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख