#राजनीति
July 13, 2026
CM सुक्खू का बड़ा दावा: हिमाचल में रिपीट करेगी कांग्रेस, बोले - गलतफहमी में ना रहे भाजपा
पहली बार खुलकर बोले सुक्खू, कांग्रेस सरकार की रिपीट का किया दावा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में विधानसभा चुनावों को लेकर अभी से माहौल गर्माने लगा है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक बड़ा राजनीतिक दावा करते हुए साफ शब्दों में कहा है कि भाजपा किसी भ्रम में न रहे, हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार दोबारा सत्ता में लौटेगी और इतिहास रचेगी।
मुख्यमंत्री ने पहली बार इतने स्पष्ट अंदाज में कांग्रेस सरकार के रिपीट होने का दावा करते हुए कहा कि प्रदेश की जनता विकास और पारदर्शिता के आधार पर एक बार फिर कांग्रेस पर भरोसा जताएगी। शिमला में एनएसयूआई और युवा कांग्रेस के ‘गूंज’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से लेकर हिमाचल भाजपा तक पर तीखे राजनीतिक हमले किए और विपक्ष के कई आरोपों का जवाब भी दिया।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि उनकी सरकार ने हमेशा हिमाचल प्रदेश के अधिकारों और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। जब भी प्रदेश के हक की बात आई, कांग्रेस सरकार ने मजबूती से अपनी आवाज उठाई और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं को यह समझ लेना चाहिए कि केवल राजनीतिक बयानबाजी से जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता। जनता विकास कार्यों और सरकार की नीतियों को देखकर फैसला करती है।
यह भी पढ़ें : कुर्सी बचाने के लिए सीएम सुक्खू अपने ही मंत्रियों का कर रहे अपमान, किसी की नहीं सुन रहे; जयराम का दावा
मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार की अग्निवीर योजना की आलोचना करते हुए कहा कि इससे लाखों युवाओं के भविष्य को लेकर असमंजस की स्थिति पैदा हुई है। उन्होंने कहा कि युवाओं को स्थायी और सुरक्षित रोजगार की आवश्यकता है और सरकारों को उनकी उम्मीदों के अनुरूप नीतियां बनानी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने भाजपा से कई सवाल भी पूछे। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, जमीन आवंटन से जुड़े मामलों और स्वास्थ्य योजनाओं के संचालन को लेकर विपक्ष को घेरने का प्रयास किया। साथ ही उन्होंने भाजपा नेताओं से यह भी सवाल किया कि प्राकृतिक आपदा के दौरान घोषित केंद्रीय सहायता राशि प्रदेश को अब तक पूरी तरह क्यों नहीं मिली।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का 'सेस मॉडल' भरने लगा खाली खजाना, छह महीने में आया करोड़ों का राजस्व
सुक्खू ने भाजपा के पूर्व शासनकाल पर निशाना साधते हुए कहा कि उस दौरान भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं का भरोसा तोड़ा था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के तहत भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया है। मुख्यमंत्री के अनुसार स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य विभागों में लगातार नियुक्तियां की जा रही हैं तथा भर्ती प्रक्रिया को निष्पक्ष बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। कई अस्पतालों में नई मशीनें स्थापित की गई हैं और पुराने उपकरणों को बदला जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि मेडिकल कॉलेजों में अत्याधुनिक तकनीक आधारित स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर उपचार मिल सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से कोचिंग गई 18 वर्षीय युवती हुई गायब, पिता ने थाने में जताई इस अनहोनी की आशंका
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवा कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आने वाले वर्षों में कांग्रेस संगठन और सरकार मिलकर जनता के बीच जाएंगे और विकास कार्यों के आधार पर समर्थन हासिल करेंगे।
यह भी पढ़ें : सड़क धंसते ही हवा में लटकी HRTC बस.. अंदर सवार थे 30 लोग, मची चीख-पुकार
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मुख्यमंत्री का यह बयान आने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस की रणनीति और आत्मविश्वास दोनों को दर्शाता है। वहीं भाजपा और कांग्रेस के बीच बढ़ते राजनीतिक हमलों ने साफ संकेत दे दिए हैं कि हिमाचल में चुनावी माहौल समय से पहले ही गर्म होने लगा है।