#विविध
April 4, 2026
हिमाचल : रात को काम पर निकला ड्राइवर, 3 दिन से नहीं लौटा घर- परिवार को अनहोनी का डर
तलाश में भटक रहे सुरेश के परिजन- नहीं चल रहा कुछ पता
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां भराड़ी पुलिस थाने के अंतर्गत लद्दा गांव का रहने वाला एक व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया है। व्यक्ति के ऐसे अचानक लापता हो जाने से उसका परिवार बेहद परेशान है।
बताया जा रहा है कि व्यक्ति पिछले करीब तीन दिन से लापता है। उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है। व्यक्ति के लापता होने से परिजन काफी घबराए हुए हैं। परिजन लापता व्यक्ति की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं और उसके सही-सलामत मिलने की कामना कर रहे हैं।
लापता व्यक्ति के परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भराड़ी पुलिस थाने में दर्ज करवाई है। परिजनों ने बताया कि बीती 1 अप्रैल, बुधवार को रात करीब दस बजे घर से निकला था। घर से निकलते वक्त उसने कहा कि था कि वो किसी जरूरी काम से जा रहा है।
परिजनों ने बताया कि देर रात तक भी सुरेश घर वापस नहीं आया तो उन्हें चिंता सताने लगी। उन्होंने उसे कई बार फोन भी किया। मगर सामने से उसका कोई जवाब नहीं आया।
इसके बाद परिजनों अपने स्तर पर उसे हर जगह ढूंढा, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल पाया। सुरेश के दोस्तों व रिश्तेदारों को भी उसके बारे में कोई जानकारी नहीं थी। अब सुरेश को घर से गए हुए तीन दिन बीत गए हैं और उसका कुछ अता-पता नहीं है।

परिजनों ने बताया कि सुरेश कुमार पेश से चालक है। वो कभी किसी से बिना बताए कहीं नहीं जाता था। इसलिए यह घटना उन्हें और ज्यादा असामान्य लग रही है। परिवार सुरेश की तलाश में दर-दर भटक रहा है। पुलिस ने भी मामले को प्राथमिकता पर लेते हुए जांच शुरू कर दी है।
DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि सुरेश कुमार की खोज के लिए आसपास के इलाकों में सर्च अभियान चलाया जा रहा है और CCTV फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं- ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके। इसके अलावा आसपास के पुलिस थानों में भी सुरेश की तस्वीर भेज दी गई है। उन्होंने सुरेश के परिवार को आश्वासन दिया है कि जल्द ही सुरेश को ढूंढ लिया जाएगा।
सुरेश कुमार के परिजनों ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया है कि अगर किसी को सुरेश के बारे में कोई जानकारी हो या उन्होंने उसे कहीं देखा हो, तो कृपया थाने से संपर्क करें।