#विविध

July 26, 2026

हिमाचल के तीन गांव में भीषण तबाही- कई परिवार बेघर, आज CM करेंगे प्रभावितों से मुलाकात

DC ने पैदल पहुंचकर लिया घाटी का जायजा

शेयर करें:

Sukhvinder Singh Sukhu Kangra Shahpur Cloudburst Boh Valley Dharamshala Disaster Relief

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के शाहपुर उपमंडल की बोह घाटी में बादल फटने से हुई भारी तबाही के बीच CM सुखविंदर सिंह सुक्खू आज यानी रविवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

हिमाचल के तीन गांव में भीषण तबाही

CM सीधे ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर आपदा प्रभावित गांवों का निरीक्षण करेंगे, पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जानेंगे और राहत एवं पुनर्वास कार्यों का जायजा लेंगे। इसके बाद धर्मशाला में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर राहत कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा भी करेंगे।

यह भी पढें: हिमाचल के जाबांज सिपाही ने करगिल में दी थी शहादत- अब बेटा भी फौज में, पत्नी को गर्व

बोह घाटी में तबाही के बीच पहुंचेंगे CM

CM का मुख्य फोकस शाहपुर क्षेत्र के बोह गांव और उससे प्रभावित इलाकों पर रहेगा, जहां बादल फटने और भूस्खलन ने भारी तबाही मचाई है। इस आपदा से तीन दर्जन से अधिक लोग सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं, जबकि कई परिवारों का आशियाना उजड़ गया है। मुख्यमंत्री प्रभावित परिवारों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राहत कार्यों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश देंगे।

भारी तबाही, 38 परिवार बेघर

बोह घाटी के गढ़गून, भंगार और स्पैड़ा गांव इस प्राकृतिक आपदा से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। गढ़गून गांव में 12 मकान पूरी तरह मलबे में समा गए, जबकि सरकारी प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र, पेयजल योजनाएं, बिजली के खंभे, खेत और संपर्क मार्ग भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। कई पशुओं की भी जान चली गई।

यह भी पढें: हिमाचल में खूब सताएगा मौसम- 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, भूस्खलन-फ्लैश फ्लड का खतरा

राहत शिविरों में ठहराया

भंगार गांव में तीन परिवारों के मकान पूरी तरह रहने योग्य नहीं बचे, जबकि स्पैड़ा गांव में 12 घर मलबे की चपेट में आ गए और 11 अन्य मकानों को आंशिक नुकसान पहुंचा है। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने तीनों गांवों को खाली करवा दिया है। करीब 38 परिवार बेघर हो गए हैं और लगभग 160 लोगों को राहत शिविरों में सुरक्षित ठहराया गया है।

लाम गांव में भी बढ़ा खतरा

आपदा का असर आसपास के इलाकों तक भी पहुंच चुका है। लाम गांव में जमीन धंसने से करीब 50 मकानों में दरारें आ गई हैं, जबकि छह मकानों को पूरी तरह असुरक्षित घोषित किया गया है। ग्रामीण लगातार भय के साए में रह रहे हैं और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

यह भी पढ़ें- HRTC का बड़ा फर्जीवाड़ा : इंस्पेक्टर गायब, कंडक्टर ने खुद ही बना दी चेकिंग रिपोर्ट- 3 सस्पेंड

DC ने पैदल पहुंचकर लिया था जायजा

मुख्यमंत्री के दौरे से पहले DC कांगड़ा हेमराज बैरवा और पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा ने बोह घाटी का दौरा कर सुरक्षा और राहत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उपायुक्त करीब पांच किलोमीटर पैदल चलकर गढ़गून गांव पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि गांव में एक भी मकान पूरी तरह सुरक्षित नहीं बचा है और प्रशासन ने सभी प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया है।

प्रभावित परिवारों को मिल रही राहत

प्रशासन ने प्रत्येक प्रभावित परिवार को 50 हजार रुपये की तत्काल राहत देने की घोषणा की है। जिन परिवारों के मकान पूरी तरह नष्ट हुए हैं, उन्हें एक लाख रुपये तक की सहायता प्रदान की जाएगी। इसके अलावा बेघर हुए परिवारों को किराये के लिए प्रतिमाह पांच हजार रुपये भी दिए जाएंगे।

यह भी पढ़ें- हिमाचल: दिहाड़ी लगाने गया था पति, पत्नी ने उठाया गलत कदम- 2 साल की मासूम ने खोई मां

कल नगरोटा बगवां में करेंगे बाल मेले का शुभारंभ

CM का कांगड़ा दौरा सोमवार को भी जारी रहेगा। 27 जुलाई को वे नगरोटा बगवां में आयोजित बाल मेला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख