#विविध
April 24, 2026
राष्ट्रपति मुर्मू हिमाचल आकर रचेंगी इतिहास- लाहौल का करेंगी दौरा, तैयारियां तेज
दौरे को लेकर लोगों में उत्साह, राष्ट्रपति से अपनापन महसूस
शेयर करें:

लाहौल। इस बार लाहौल की वादियां एक खास मौके की गवाह बनने जा रही हैं, क्योंकि 28 अप्रैल को देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का यहां प्रस्तावित दौरा है। अटल टनल रोहतांग बनने के बाद यह दूसरा मौका होगा, जब कोई राष्ट्रपति लाहौल पहुंचेगा। इससे पहले जून 2022 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने परिवार के साथ यहां आए थे और उन्होंने टनल का दौरा कर इसकी खूब सराहना भी की थी।
इससे पहले जून 2022 में पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी लाहौल पहुंचे थे। राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं और स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सुरक्षा और व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल से लेकर सिस्सू हेलिपैड तक सभी अस्थायी ढाबों, टेंट और छोटे कारोबारियों को हटा दिया गया है। इतना ही नहीं, पूरे इलाके में 30 अप्रैल तक पर्यटन गतिविधियों पर अस्थायी रोक भी लगा दी गई है, ताकि दौरे के दौरान किसी तरह की दिक्कत न आए।
लाहौल के स्थानीय लोगों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इसका एक बड़ा कारण यह भी है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जनजातीय समुदाय से संबंध रखती हैं, जिससे यहां के लोगों को उनसे एक जुड़ाव और अपनापन महसूस हो रहा है। लोग उम्मीद कर रहे हैं कि इस दौरे से क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर भी ध्यान जाएगा।
प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगातार जारी हैं। केलांग की एसडीएम कुनिका एकर्स ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी जरूरी निर्देश जारी किए हैं। सड़क, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि राष्ट्रपति का दौरा पूरी तरह सुरक्षित और सफल रहे।
अगर बात करें अटल टनल रोहतांग की, तो इसके बनने के बाद लाहौल की तस्वीर ही बदल गई है। पहले सर्दियों में रोहतांग दर्रा बंद होने से यह क्षेत्र देश-दुनिया से कट जाता था, लेकिन अब पूरे साल कनेक्टिविटी बनी रहती है। इसी वजह से यहां पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ी है और बड़े-बड़े नेता भी आसानी से यहां पहुंच पा रहे हैं।