#विविध
April 28, 2026
हिमाचल : 50 हजार थे सामने, फिर भी नहीं डगमगाया ईमान- ऑटो ड्राइवर ने लौटाया सवारी का बैग
हर कोई कर रहा ईमानदार ड्राइवर की तारीफ
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक ऑटो चालक ने अपनी सच्चाई और ईमानदारी से समाज के सामने मिसाल पेश की है। ऑटो चालक दिनेश शर्मा ने अपनी सवारी का छूटा हुआ पैसों से भरा बैग उसे वापस लौटाकर सभी का दिल जीत लिया।
जानकारी के अनुसार, कुलदीप सोनी नाम का एक व्यक्ति यात्रा के दौरान गलती से अपना बैग ऑटो में ही भूल गया था। उस बैग में करीब 50 हजार रुपये के साथ अन्य जरूरी सामान भी रखा हुआ था।
रविवार को जब दिनेश शर्मा को अपने ऑटो में यह बैग मिला, तो उन्होंने तुरंत इसे संभालकर असली मालिक तक पहुंचाने का फैसला किया। दिनेश ने बिना देर किए बैग के मालिक की तलाश शुरू की।

काफी प्रयास के बाद उन्होंने कुलदीप सोनी से संपर्क स्थापित किया और उन्हें सुरक्षित उनका बैग व पूरी रकम लौटा दी। अपने पैसे वापस मिलने पर कुलदीप ने दिनेश शर्मा का धन्यवाद करते हुए उनकी ईमानदारी की जमकर सराहना की।
दिनेश शर्मा ने बताया कि बैग में पैसे के अलावा कुछ जरूरी दस्तावेज भी थे। उन्होंने सवारी से संपर्क कर उसे जानकारी दी कि उसका सामान ऑटो में ही रह गया है। सवारी के फोन आने के बाद उन्होंने ऑटो की जांच की, जिसमें बैग मिल गया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने भी दिनेश शर्मा की खूब तारीफ की। लोगों का कहना है कि ऐसे ईमानदार लोग समाज में भरोसा और सकारात्मक सोच को मजबूत करते हैं। एक स्थानीय निवासी केशव ने बताया कि दिनेश जैसे लोग ही हिमाचल की पहचान हैं और यहां के लोग अपनी सच्चाई और ईमानदारी के लिए जाने जाते हैं।