#विविध

June 22, 2025

बेटी के साथ IGMC आई बुजुर्ग हुई गायब, खोज में दर-दर भटक रहा परिवार- 3 दिनों से नहीं लग रहा पता

परिजन और पुलिस लगातार शिमला के अलग-अलग हिस्सों में कर रहे तलाश

शेयर करें:

IGMC Shimla

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से एक चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां पर बेटी के साथ इलाज करवाने आई एक 76 वर्षीय महिला अचानक कहीं लापता हो गई है। बुजुर्ग महिला की तलाश में परिजन दर-दर भटक रहे हैं, लेकिन उनका कहीं कुछ पता नहीं चल पा रहा है।

IGMC से महिला गायब

बताया जा रहा है कि संकटमोचन क्षेत्र की 76 वर्षीय संजोगता नाग बीते 19 जून को IGMC अस्पताल से अचानक लापता हो गईं। वे अपनी बेटी के साथ इलाज के लिए अस्पताल पहुंची थीं, लेकिन न्यू OPD बिल्डिंग के पास अचानक अपनी बेटी से बिछड़ गईं। इसके बाद से उनका कोई सुराग नहीं लग पाया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 8 दिन पहले ट्रैक पर निकला था नितिन, अभी तक नहीं लौटा घर- अब तलाश में खुद निकला पिता

भूलने की बीमारी, शुगर की मरीज

परिजनों के अनुसार, संजोगता नाग शुगर की मरीज हैं और साथ ही उन्हें भूलने की बीमारी (डिमेंशिया) भी है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से वे रास्ता भटक गई होंगी और खुद घर वापस नहीं लौट सकीं।

मां को ढूंढने में करें मदद

उनकी बड़ी बेटी नीरुपमा शर्मा ने मीडिया के माध्यम से शिमला वासियों से भावुक अपील करते हुए कहा है कि अगर किसी को भी उनकी मां नजर आती हैं तो वे तुरंत परिवार या पुलिस को सूचित करें।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक झटके में उजड़ गया परिवार, पहले दो बेटों की अर्थी को पिता ने दिया कंधा, अब बेटी ने भी छोड़ी दुनिया

आखिरी बार कब और कहां देखी गईं?

संजोगता नाग को 19 जून दोपहर 1:37 बजे, IGMC की न्यू OPD बिल्डिंग से ऑकलैंड टनल की ओर सर्कुलर रोड की दिशा में जाते हुए देखा गया था। उस समय उन्होंने भूरे रंग का सूट, काला चश्मा और नीला सर्जिकल मास्क पहना हुआ था।

तलाश में भटक रहे परिजन

हालांकि, परिजन और पुलिस लगातार शिमला के अलग-अलग हिस्सों में उन्हें खोज रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लगी है। कुछ लोगों ने उन्हें शहर के अलग-अलग इलाकों में देखने की अपुष्ट जानकारी जरूर दी है, पर उनकी पुष्टि नहीं हो पाई है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में पांच दिन पहले मानसून की एंट्री, कई जिलों पर मंडरा रहा खतरा; नदी-नालों से रहें दूर

CCTV खंगाल रही पुलिस

परिजनों ने महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट लक्कड़ बाजार पुलिस चौकी में दर्ज करवाई है। पुलिस भी सक्रिय रूप से तलाश में जुटी है। शहर में लगे CCTV की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि किसी सुराग तक पहुंचा जा सके।

संपर्क नंबर जारी किए गए

नीरुपमा शर्मा और परिजनों ने नागरिकों से अपील करते हुए दो मोबाइल नंबर साझा किए हैं – 94592-24007 और 80917-05259। यदि किसी व्यक्ति को संजोगता नाग नजर आती हैं, तो वह इन्हीं नंबरों पर तुरंत संपर्क कर सकता है। साथ ही यह भी अनुरोध किया गया है कि यदि कोई उन्हें देखे, तो उन्हें रोककर किसी सुरक्षित स्थान पर बैठाए और नजदीकी पुलिस स्टेशन या परिजनों को सूचित करे।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख