#विविध

May 12, 2025

हिमाचल में मौसम अलर्ट - 7 जिलों में होगी मूसलाधार बारिश, जानें आने वाले दिनों में कैसा रहेगा हाल

सिरमौर और सोलन में सामान्य से तीन गुना ज्यादा बरसे बादल

शेयर करें:

Himachal Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश के सात जिलों ऊना, चंबा, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, किन्नौर और लाहौल-स्पीति  में आज मौसम खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने यहां हल्की बारिश, तेज़ हवाएं (30 से 40 किमी प्रति घंटा) और आसमानी बिजली गिरने की आशंका जताई है। वहीं अन्य जिलों में मौसम साफ रहने का अनुमान है।

 

कल से प्रदेश में मौसम होगा साफ


मौसम विभाग के मुताबिक, 13 मई से प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ हो जाएगा और 15 मई तक तेज धूप खिली रहेगी। इससे तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।

 

 

फिलहाल सामान्य से नीचे चल रहे हैं तापमान


प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों और शहरों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मनाली का अधिकतम तापमान सामान्य से 2.6 डिग्री कम होकर 22.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। धर्मशाला का तापमान 28 डिग्री रहा जो सामान्य से 2.5 डिग्री कम है। इसी तरह कल्पा में 18.1 डिग्री (2.2 डिग्री कम) और नाहन में 32.2 डिग्री (0.9 डिग्री कम) रिकॉर्ड किया गया।

 

बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत


प्रदेश में मई की शुरुआत से ही लगातार रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। 1 से 11 मई तक राज्य में सामान्य से 29% अधिक बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि में जहां सामान्य तौर पर 24.5 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 31.7 मिमी वर्षा हो चुकी है।

 

सिरमौर में रिकॉर्डतोड़ बारिश


सिरमौर जिला इस बार बारिश में सबसे आगे रहा। यहां सामान्य से 304% ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। जहां मई के पहले 11 दिनों में सामान्यतः 16.2 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 65.5 मिमी बारिश दर्ज की गई।

 

सोलन और हमीरपुर में भी बारिश के नए आंकड़े


सोलन जिला भी पीछे नहीं रहा। यहां 269% अधिक वर्षा दर्ज की गई। सामान्य तौर पर जहां 18.2 मिमी बारिश होती है, वहीं इस बार 67.2 मिमी बारिश हुई। हमीरपुर में भी सामान्य 13.9 मिमी के मुकाबले 47 मिमी बारिश हुई, जो 238% की बढ़त है।

 

किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में कम बारिश


हालांकि कुछ जिलों किन्नौर, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। इन क्षेत्रों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहा।

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख