#विविध
April 24, 2026
IPL से ब्रेक लेकर हिमाचल पहुंचीं प्रीति जिंटा, सोशल मीडिया पर तस्वीरें शेयर कर पहाड़ को बताया जादू
शहर की भागदौड़ से दूर हिमाचल आई अभिनेत्री
शेयर करें:

शिमला। बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा एक बार फिर अपने होम स्टेट हिमाचल प्रदेश की खूबसूरत वादियों में सुकून के पल बिताती नजर आईं। इस बार वह Shimla जिले के रत्नारी स्थित मीना बाग में अपने परिवार और बच्चों के साथ कुछ खास समय बिताने पहुंचीं। अपनी व्यस्त जिंदगी और खासकर Indian Premier League (आईपीएल) के शेड्यूल से ब्रेक लेकर आईं प्रीति ने यहां प्रकृति के बीच सुकून और सादगी भरे लम्हों का पूरा आनंद लिया।
बता दें कि प्रीति जिंटा का शिमला से गहरा नाता रहा है, क्योंकि उनका बचपन यहीं बीता है। पहाड़ों के प्रति उनका लगाव हमेशा से खास रहा है। वह लंबे समय से रत्नारी के मीना बाग आने की योजना बना रही थीं और इस बार आखिरकार उनका यह सपना साकार हो गया। यहां पहुंचते ही उन्होंने शहर की भागदौड़ से दूर शांति, ठंडी हवाओं और हरियाली के बीच खुद को पूरी तरह रिलैक्स किया।
अपने प्रवास के दौरान प्रीति सिर्फ आराम ही नहीं करती रहीं, बल्कि स्थानीय संस्कृति से भी जुड़ी नजर आईं। वह इलाके में लगे पारंपरिक बिशु मेले में भी पहुंचीं, जहां उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ समय बिताया। इस दौरान वह मीना बाग के मालिक अक्षिता और संजय ऑस्ता के साथ दिखाई दीं। मेले में उन्होंने अपने बच्चों के लिए खिलौने भी खरीदे, जिससे उनका साधारण और परिवार से जुड़ा अंदाज साफ नजर आया।
मीना बाग में रहते हुए प्रीति जिंटा ने वहां के जैविक पर्माकल्चर फार्म का भी अनुभव लिया। उन्होंने फार्म में मौजूद जानवरों के साथ समय बिताया और खुद उन्हें दाना खिलाया। भेड़, अंगोरा खरगोश और बत्तखों के साथ उनकी यह सादगी भरी झलक लोगों को काफी पसंद आई। इसके अलावा वह फार्म की बिल्ली ‘खोबली’ और कुत्ते ‘बेसवा’ के साथ खेलती हुई भी नजर आईं, जो उनके नेचर-लविंग व्यक्तित्व को दर्शाता है।
इस ट्रिप की एक खास बात यह भी रही कि जब वह शुक्रवार को वापस लौट रही थीं, तो उन्होंने मीना बाग के लॉन में बुरांश का पौधा लगाया। इसके जरिए उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हिमालयी पेड़ों, जंगलों और प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र को बचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पहाड़ों में बिताया गया यह छोटा सा ब्रेक उनके लिए बेहद जरूरी और यादगार रहा।
सोशल मीडिया पर एक्टिव रहने वाली प्रीति जिंटा ने अपनी इस ट्रिप की झलक अपने फैंस के साथ भी शेयर की। उन्होंने पहाड़ी टोपी पहनकर अपनी तस्वीर पोस्ट की और लिखा कि “यह सुकून भरा ब्रेक सच में बहुत जरूरी था। ये पहाड़ तो सच में जादू हैं। उनकी यह पोस्ट फैंस को काफी पसंद आई और लोगों ने भी उनकी सादगी और हिमाचल प्रेम की जमकर तारीफ की।