#विविध
March 26, 2026
हिमाचल की अगले चार माह में बदलेगी तस्वीर, अपने जन्मदिन पर सीएम सुक्खू ने दिया बड़ा बयान; जानें
सीएम सुक्खू ने मनाया 62वां जन्मदिन, चार मंजिला काटा केक ड्रोन से फूलों की बारिश
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज गुरुवार को अपने सरकारी आवास ओक ओवर में सादगी और उत्साह के बीच अपना 62वां जन्मदिन मनाया। सुबह से ही ओक ओवर में समर्थकों, कांग्रेस नेताओं और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा, जहां सभी ने मुख्यमंत्री को बधाई दी और उनके लंबे व स्वस्थ जीवन की कामना की।
इस खास मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने अपनी पत्नी एवं विधायक कमलेश ठाकुर और परिवार की मौजूदगी में केक काटा। समर्थक उनके लिए करीब 62 किलोग्राम का चार मंजिलों का केक लेकर पहुंचे थे, जिसे काटकर उन्होंने जन्मदिन का जश्न मनाया। कार्यक्रम के दौरान आधुनिक अंदाज भी देखने को मिला, जब ड्रोन के माध्यम से मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा की गई, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने बेरोजगारों का हक छीन बुजुर्गों को कुर्सी पर बैठाया; रिटायरमेंट के बाद 124 को दी तैनाती
जन्मदिन के जश्न में पारंपरिक रंग भी पूरी तरह से घुला रहा। मुख्यमंत्री सुक्खू ने समर्थकों और नेताओं के साथ हिमाचली संस्कृति की पहचान नाटी नृत्य में भी हिस्सा लिया। इस दौरान कुल्लू से विधायक सुंदर सिंह ठाकुर समेत कई नेताओं ने भी जमकर नाटी डाली और माहौल को जीवंत बना दिया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सचिवालय कर्मियों द्वारा आयोजित मैराथन में भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि व्यस्त राजनीतिक जीवन के बावजूद स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा ऐलान: बंद होगी जयराम की 'हिमकेयर' योजना; लाएंगे "नई इंश्योरेंस पॉलिसी"
जन्मदिन के मौके पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने प्रदेश की आर्थिक स्थिति और भविष्य को लेकर बड़ा बयान भी दिया। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश आर्थिक मजबूती की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और आने वाले चार महीनों में प्रदेश की स्थिति में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत किया गया बजट राज्य को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा और इसमें हर वर्ग के हितों का ध्यान रखा गया है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का बड़ा एक्शन : विजलेंस को सौंपी हिमकेयर में हेराफेरी की जांच- खुलेंगी कई परतें
मुख्यमंत्री ने अपने संघर्षपूर्ण जीवन का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें चुनौतियों का सामना करना पसंद है और यही उनके जीवन की सबसे बड़ी ताकत रही है। उन्होंने दोहराया कि वह प्रदेशहित में फैसले लेते रहेंगे, चाहे परिस्थितियां कितनी भी कठिन क्यों न हों।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी मुख्यमंत्री सुक्खू को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। ओक ओवर में दिनभर चले इस आयोजन ने एक तरफ जहां राजनीतिक और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया, वहीं मुख्यमंत्री के बयानों ने आने वाले समय में प्रदेश की दिशा और दशा को लेकर नई चर्चाओं को भी जन्म दे दिया।