#विविध

July 24, 2026

हिमाचल: लैंडस्लाइड से रास्ता बंद, ऑक्सीजन सपोर्ट पर था 7 माह का मासूम; NHAI बना फरिश्ता

भूस्खलन से दोनों ओर बंद हो गया था रास्ता

शेयर करें:

Chamba Bharmour NHAI Landslide Himachal Rain Rescue Operation Monsoon Road Block Oxygen Support

चंबा। हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा स्थित भरमौर क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की टीम ने मानवता की मिसाल पेश की है। सड़क बहाली के काम में जुटी टीम ने अपनी जान जोखिम में डालते हुए ऑक्सीजन सपोर्ट पर निर्भर सात माह के एक गंभीर बीमार शिशु और उसके परिवार को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया।

भूस्खलन से दोनों ओर बंद हो गया था रास्ता

लगातार बारिश के चलते बत्ती की हट्टी के समीप अचानक भारी भूस्खलन हो गया, जिससे सड़क पूरी तरह बंद हो गई। इसी दौरान एक परिवार अपने सात माह के बीमार बच्चे के साथ वहीं फंस गया। बच्चे की हालत गंभीर थी और वह ऑक्सीजन सपोर्ट पर था। सड़क बंद होने के कारण परिवार अस्पताल तक नहीं पहुंच पा रहा था।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिर भारी बारिश का खतरा : 3 दिन ऑरेंज अलर्ट, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी

सूचना मिलते ही हरकत में आई टीम

सड़क खोलने में जुटी NHAI की टीम को जैसे ही इस परिवार के बारे में जानकारी मिली, उन्होंने राहत कार्य को प्राथमिकता देते हुए तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। टीम ने अपने पेट्रोलिंग वाहन की मदद से पहले शिशु और फिर पूरे परिवार को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया, जहां से उन्हें अस्पताल ले जाया गया।

जान जोखिम में डालकर निभाया फर्ज

राहत अभियान के दौरान पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिर रहे थे और भूस्खलन का खतरा बना हुआ था। इसके बावजूद टीम मौके पर डटी रही। सड़क बहाल करने के साथ-साथ रास्ते में फंसे लोगों की मदद भी लगातार की जा रही है।

यह भी पढ़ें : HRTC का बड़ा फैसला : कंडक्टर के लिए फ्रंट सीट रिजर्व, ड्राइवर के मोबाइल इस्तेमाल पर रोक

प्रशासन ने की सराहना

भरमौर के एडीएम विकास शर्मा ने NHAI टीम के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में टीम ने जिस साहस और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह अनुकरणीय है। उन्होंने लोगों से भी अपील की कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और मौसम सामान्य होने तक सुरक्षित स्थानों पर ही रहें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख