शिमला। पैरा ओलिंपिक 2024 में भारत को रजत पदक दिलाने वाले निषाद कुमार शुक्रवार शाम को राजधानी शिमला पहुंचे। यहां उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात की और उनसे अपने अनुभव सांझे किए। इस दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निषाद कुमार को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है और सभी को समर्पण के साथ अपने सपनों को पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करती है।
मुश्किलों भरा रहा मेडल तक पहुंचने का सफर
निषाद कुमार आज शनिवार सुबह शिमला के विकास नगर स्थित सरस्वती विद्यामंदिर स्कूल में भी पहुंचे और यहां उन्होंने छात्रों और शिक्षकों से संवाद किया। निषाद कुमार ने स्कूली बच्चों और शिक्षकों से अपने विचार सांझा किए। रजत पदक विजेता ने इस दौरान अपने इस मेडल तक के सफर के बारे में बताया। निषाद ने बताया कि यह सफर काफी मुश्किलों भरा रहा, लेकिन उसने कभी हार नहीं मानी।
यह भी पढ़ें: दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, विधवा मां का छिन गया सहारा
आठ साल की उम्र में गंवा दिया था एक हाथ
ऊना जिला के गांव बदाऊं के रहने वाले निषाद कुमार ने बताया कि वह एक किसान परिवार से आते हैं। निषाद जब 8 साल के थे तभी एक हादसे में उनका दायां हाथ कट गया। जानवरों के लिए चारा काटते समय निषाद का हाथ मशीन में आ गया था, जिसके कारण उन्हें पैरा खेलों में आना पड़ा। एक हाथ कटने के बाद भी उसके माता पिता ने उसका हौंसला बढ़ाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मां ने हर कदम में दिया मेरा साथ
निषाद ने बताया कि विकट परिस्थितयों के बावजूद उन्होंने अपने खेलने के जुनून को जिंदा रखा और हमेशा आगे बढ़ने के लिए मेहनत करते रहे। निषाद के अनुसार उनकी हर विकट परिस्थिति में उनकी मां ने उनका साथ दिया। जब भी मेरे कदम डगमगाने लगते तो मेरी मां मुझे हौंसला और साथ दोनों ही देती। निषाद ने बताया कि आज मैं अपनी सफलता का पूरा श्रेय अपनी मां को देना चाहता हूं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : बच्चों के साथ स्कूल से लौट रहा था शिक्षक, खाई में गिर गई कार
पढ़ाई के साथ खेलों में भी भाग लें छात्र
निषाद कुमार ने बच्चों से बातचीत करते हुए कहा कि युवाओ को खेल के प्रति जुनून रखना चाहिए और नशे की बुराई से दूर रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओ को अपने समय का सदुपयोग करते हुए देश व प्रदेश के लिए बेहतर कार्य करने के प्रयास करने चाहिए। निषाद कुमार ने युवाओं से अपील की है कि पढ़ाई के साथ साथ खेलों में भी भाग लें।
यह भी पढ़ें: हिमाचल : स्कूल बस और पंजाब रोडवेज में टक्कर, मची चीख-पुकार
निषाद ने पैरा ओलिंपिक 2024 में जीता है रजत पदक
बता दें कि हिमाचल प्रदेश के लाल निषाद ने हाल ही में पेरिस में संपन्न हुए पैरा ओलिंपिक 2024 में ऊंची कूद में 2.04 मीटर की ऊंचाई के साथ छलांग लगाकर रजत पदक जीता है। इससे पहले निषाद कुमार ने टोक्यो पैरालंपिक-2020 में रजत पदक तथा वर्ष 2022 में चीन में आयोजित एशियाई पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने ऊंची कूद में एशियाई रिकॉर्ड अपने नाम किया है और उन्हें प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।