शिमला। हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगर धर्मशाला से बीते दिन एक पंजाब के युवक की हत्या का मामला सामने आया था। वहीं, अब ताजा मामला हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला से सामने आया है। यहां रामपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है।
हत्या के 10 दिन बाद हुई एफआईआर दर्ज
हैरत कर देने वाली बात यह है कि व्यक्ति की हत्या के दस दिन बाद रामपुर पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। जबकि, युवक की हत्या 12 मार्च को हुई थी।
आधी रात के शराब के नशे में पहुंचा गांव
पुलिस रिपोर्ट्स के अनुसार, बीते कल रामपुर क्षेत्र की नरेन पंचायत के उप प्रधान अभिनाश कायथ ने नेपाली मूल के व्यक्ति गगन कुमार की हत्या के मामले में गांव के पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायकर्ता ने पुलिस को बताया कि 12 मार्च को आधी रात को गगन दलोग गांव शराब के नशे में पहुंचा। नशे की हालत में उसने गांव में लगी कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए और खुद गाड़ी में बैठ गया।
गुस्से में लोगों कर दी धुनाई
इसके बाद वहां मौजूद स्थानीय लोगों ने गुस्से में उसकी पिटाई कर दी। इस दौरान गगन के परिजन भी वहां पहुंच गए और उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे वहां से लेने लगे। मगर गगन ने रास्त में ही दम तोड़ दिया।
बिना बताए किया अंतिम संस्कार
फिर पुलिस में सूचित करवाने के बावजूद गगन के परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। गगन कुमार निवासी नेपाल हत्या के मामले में गांव दलोग के मुरत सिंह, देवेंद्र, सतबीर सिंह, रविंद्र और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ पंचायक के उप प्रधान द्वारा पुलिस में प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है।
ग्रामीणों से की जा रही पूछताछ
मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी रामपुर रमेश शर्मा ने बताया गांव के पांच लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई गई है। फिलहाल, पुलिस ने मामले की आगामी जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम ग्रामीणों से पूछताछ करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि व्यक्ति की हत्या क्यों और कैसे की गई। जल्द ही पुलिस द्वारा हत्या के इस मामले से जुड़े सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।