शिमला। हिमाचल में प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। जिसका असर अगले 72 घंटों में देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने अगले 72 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां बर्फबारी होगी, वहीं मैदानी क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बर्फबारी वाले क्षेत्रों में लोगों से खास एहतियात बरतने की अपील की है।
12 से 14 मार्च तक होगी बारिश बर्फबारी
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश भर में आज से बारिश बर्फबारी का दौर शुरू हो चुका है। आज यानी सोमवार को भी लाहौल स्पीति सहित अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। हालांकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश नाममात्र ही कहीं कहीं हुई है।
16 मार्च से पूरे प्रदेश में साफ हो जाएगा मौसम
विभाग ने मंगलवार को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। जबकि 12 मार्च की रात से पश्चिमी विक्षोभ भारतीय सीमा में प्रवेश करेगा। इसके प्रभाव से 13 व 14 मार्च को भी कई स्थानों पर बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। 14 मार्च को उच्च पर्वतीय कुछ स्थानों पर मौसम खराब रह सकता है। 16 मार्च से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
11 दिन बाद लाहौल-स्पीति का मनाली से जुड़ा सड़क संपर्क
बता दें कि जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का मनाली से 11 दिनों के बाद सड़क संपर्क जुड़ पाया है। सोमवार शाम को बीआरओ ने मनाली केलांग सड़क को बहाल कर दिया है। हालांकि अभी तक इस सड़क पर फोर वाई फोर वाहनों को ही जाने की अनुमती दी गई है। इस सड़क के बहाल होने से लाहौल घाटी में फंसे कई लोगों को राहत मिली है।
हिमाचल में बढ़ने लगा पर्यटन कारोबार
बता दें कि हिमाचल में मौसम के करवट बदलने से पर्यटन कारोबार को भी पंख लगने शुरू हो गए हैं। बाहरी राज्यों से भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं। पर्यटकों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरे भी चमक उठे हैं। पर्यटकों को लुभाने के लिए होटल कारोबारी कई तरह के ऑफर दे रहे हैं।