#विविध
May 28, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव: दूसरे चरण की वोटिंग शुरू, 102 साल की बुजुर्ग पहुंची पोलिंग बूथ- लोगों में भारी उत्साह
1276 पंचायतों में दूसरे चरण की वोटिंग आज
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण का मतदान आज सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में शुरू हो गया। प्रदेश की 1276 पंचायतों में बनाए गए 7334 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
गांवों के पोलिंग बूथों के बाहर तड़के से ही लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं और लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। इस चरण में करीब 17 लाख 30 हजार से अधिक मतदाता पंचायत प्रतिनिधियों के भविष्य का फैसला करेंगे।
इनमें 8 लाख 74 हजार 716 पुरुष मतदाता और 8 लाख 55 हजार 597 महिला मतदाता शामिल हैं। कई क्षेत्रों में बुजुर्ग, महिलाएं और पहली बार मतदान करने वाले युवा भी उत्साह के साथ मतदान केंद्रों तक पहुंचे।
मतदान प्रक्रिया दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी। इसके बाद संबंधित पंचायत भवनों में प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों के लिए मतगणना शुरू की जाएगी। वहीं, BDC और जिला परिषद चुनाव की मतपेटियों को कड़ी सुरक्षा के बीच स्ट्रांग रूम में रखा जाएगा। इन पदों के परिणाम 31 मई को घोषित किए जाएंगे।
प्रदेश निर्वाचन आयोग ने चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। संवेदनशील और अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को मतदान केंद्रों पर लगातार निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
कई ग्रामीण इलाकों में मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। लोगों का कहना है कि पंचायतें गांव के विकास की नींव होती हैं, इसलिए सही प्रतिनिधि चुनना बेहद जरूरी है। सुबह के समय मौसम सुहावना रहने से भी मतदान प्रतिशत बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।